DESK: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एसआईआर (SIR) के मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला है। शाह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी एसआईआर की आड़ में घुसपैठियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की राजनीति को समझ चुकी है और अब उसके बहकावे में आने वाली नहीं है।
अमित शाह ने 2029 के लोकसभा चुनाव को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि आगामी आम चुनाव में एनडीए भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगा, जबकि कांग्रेस को लगातार चौथी बार हार का सामना करना पड़ेगा।
भीड़ जुटाकर देश की आवाज नहीं बन सकते: शाह
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस उनके नेतृत्व में लगातार चुनाव हार रही है। उन्होंने विपक्षी दलों की एकजुटता और हालिया प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि 14 पार्टियों के कार्यकर्ताओं को जुटाकर और सीमित क्षेत्र में भीड़ इकट्ठा करके कोई देश की आवाज नहीं बन सकता।
शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नकारात्मक राजनीति कर रही है और इसका उसे कोई फायदा नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि जनता अब राहुल गांधी के दावों और रणनीति को समझ चुकी है।
गुजरात के चुनावी नतीजों का किया जिक्र
अमित शाह ने गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों का हवाला देते हुए भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि तीन नगर निकायों में कुल 104 सीटों में से भाजपा ने 90 सीटें जीती हैं। गांधीनगर नगर निगम में भी भाजपा को 44 में से 38 सीटें मिलने की बात कही।
शाह ने आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि गुजरात के मतदाता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मजबूती से खड़े हैं। इन नतीजों को उन्होंने कांग्रेस के लिए आत्ममंथन का मौका बताया।
SIR को लेकर राहुल गांधी से सवाल
गृह मंत्री ने सवाल उठाया कि क्या गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की जीत एसआईआर की वजह से हुई है? उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता पर सवाल उठाने के बजाय कांग्रेस को अपने प्रदर्शन की समीक्षा करनी चाहिए।
शाह ने पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी और तमिलनाडु के उपचुनावों का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि इन चुनावों में कांग्रेस को कोई सीट नहीं मिली। राजस्थान के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की जीत का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे राहुल गांधी के लिए सबक बताया।
त्रिपुरा के चुनावों का भी दिया उदाहरण
अमित शाह ने त्रिपुरा में ग्राम समिति चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भाजपा और एनडीए को बड़ी सफलता मिली है। उनके मुताबिक, कुल 4,600 सीटों में से एनडीए ने 4,000 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज की और उसका मत प्रतिशत 77.5 रहा।
शाह ने यह भी कहा कि ये चुनाव बैलेट पेपर से हुए थे। उन्होंने इस नतीजे का हवाला देते हुए उन आरोपों पर सवाल उठाया, जिनमें चुनावी नतीजों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से जोड़ा जाता है।
अमित शाह के इन बयानों के जरिए भाजपा ने एसआईआर, घुसपैठ और चुनावी प्रदर्शन के मुद्दों पर कांग्रेस को घेरने की कोशिश की। वहीं, 2029 के लोकसभा चुनाव में एनडीए की जीत और कांग्रेस की हार को लेकर शाह ने अपना दावा दोहराया।