PATNA : इस वक्त की बड़ी खबर राजधानी पटना से आ रही है, जहां बेखौफ अपराधियों ने एक वार्ड पार्षद के बेटे को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। घटना पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र स्थित अरफाबाद कॉलोनी की है। आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल लड़के को इलाज के लिए एनएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि आलमगंज थाना क्षेत्र के अरफावाद कॉलोनी स्थित वार्ड संख्या 54 के पार्षद अरुण शर्मा के घर तीन-चार की संख्या में आये अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग की घटना में वार्ड पार्षद अरुण शर्मा के बेटे को गोली लग गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
खून से लथपथ वार्ड पार्षद के बेटे को इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई है। पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखा बरामद किया है। बता दें कि राजधानी पटना में इन दिनों बेखौफ अपराधी लगातार हत्या जैसी संगीन वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं, बावजूद इसके पुलिस अपराधियों पर नकेल कसने में नाकाम साबित हो रही है।