Bollywood News: बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को ऑडियो मैसेज के जरिए धमकी देने के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में बेंगलुरु से 30 वर्षीय आरोपी वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पेशे से IT प्रोफेशनल है। उसने कथित तौर पर दोनों अभिनेताओं के अलावा बॉलीवुड की कई अन्य हस्तियों को भी धमकी दी थी। फिलहाल आरोपी को बेंगलुरु से मुंबई लाया जा रहा है।
दरअसल, 3 नवंबर को अभिनेता तुषार कपूर को ऑडियो मैसेज के जरिए धमकी मिलने का मामला सामने आया था। धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर के नाम पर बताया था और अभिनेता से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी थी।
इस घटना के अगले ही दिन यानी 4 नवंबर को अभिनेता आयुष्मान खुराना को भी इसी तरह धमकी मिलने की खबर सामने आई। उन्हें भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देकर करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इसके बाद मुंबई क्राइम ब्रांच ने दोनों मामलों की जांच तेज कर दी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि धमकी देने वाले की आवाज और मुंबई पुलिस के पास मौजूद हैरी बॉक्सर के वॉयस सैंपल का मिलान नहीं हुआ था। अब पुलिस ने बेंगलुरु से वैभव मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ के बाद ही धमकी देने के पीछे की असली वजह और अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
गौरतलब है कि बॉलीवुड सितारों को धमकी मिलने और उन पर हमले की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। इसी साल फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग की घटना हुई थी। वहीं, पिछले महीने जुहू के एक ग्राउंड के बाहर अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर भी गोलीबारी की गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने बॉलीवुड हस्तियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।