तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। विजय यानी थलापति विजय की ऐतिहासिक जीत के बाद जहां उनके समर्थकों में जश्न का माहौल है, वहीं सोशल मीडिया पर एक और नाम तेजी से ट्रेंड कर रहा है तृषा कृष्णन वजह है उनका 22 साल पुराना एक वीडियो, जिसमें उन्होंने खुद को भविष्य में मुख्यमंत्री बनने की बात कही थी। अब यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो चुका है और लोग इसे “भविष्यवाणी” तक कह रहे हैं।


2004 का वीडियो बना चर्चा का केंद्र

दरअसल, यह वीडियो साल 2004 का बताया जा रहा है, जब तृषा अपने करियर के शुरुआती दौर में थीं। एक इंटरव्यू के दौरान जब उनसे पूछा गया कि मॉडलिंग और एक्टिंग के बाद वह आगे क्या करना चाहती हैं, तो उन्होंने बेहद आत्मविश्वास से कहा... सीएम बनना है।


उनका यह जवाब उस वक्त भले ही मजाक या हल्की बातचीत का हिस्सा लगा हो, लेकिन आज उसी क्लिप को लोग अलग नजरिए से देख रहे हैं। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई है।


सरस्वती जुबान पर बैठती हैं… यूजर्स कर रहे ऐसे रिएक्शन

विजय की जीत के बाद इस वीडियो को लेकर तरह-तरह की बातें हो रही हैं। कई यूजर्स लिख रहे हैं कि कभी-कभी इंसान जो बोलता है, वह सच हो जाता है। कुछ लोग तो यह भी कह रहे हैं कि तृषा की जुबान पर उस वक्त सरस्वती बैठी थीं।


मीम्स और मजाक के बीच कुछ लोग इसे “मेनिफेस्टेशन पावर” का उदाहरण बता रहे हैं। वहीं, कुछ यूजर्स ने तो यहां तक कह दिया कि तृषा भविष्य में राजनीति में एंट्री कर सकती हैं।


जयललिता से हो रही तुलना

इस पूरे मामले के बीच कई लोगों ने तृषा की तुलना तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता से भी करनी शुरू कर दी है। जयललिता भी फिल्मों से राजनीति में आई थीं और बाद में राज्य की ताकतवर नेता बनीं। ऐसे में सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं कि क्या तृषा भी उसी राह पर चलेंगी? हालांकि, अभी तक तृषा की तरफ से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।


विजय की जीत और तृषा का कनेक्शन भी बना चर्चा का विषय

दिलचस्प बात यह है कि चुनाव नतीजे 4 मई को घोषित हुए, जो तृषा का जन्मदिन भी है। इस संयोग को लेकर भी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। वहीं, विजय और तृषा के रिश्ते को लेकर भी लंबे समय से अफवाहें चलती रही हैं। दोनों को कई बार साथ देखा गया है, जिससे इन चर्चाओं को और हवा मिली। हालांकि दोनों ने कभी भी इन खबरों पर खुलकर कुछ नहीं कहा।


मंदिर से लेकर घर तक, हर मूवमेंट पर नजर

चुनाव नतीजों के दिन तृषा के मंदिर जाने की खबरें भी सामने आईं। इसके बाद विजय की जीत होते ही उनके घर पहुंचकर बधाई देने की बात ने भी लोगों का ध्यान खींचा। इन सब घटनाओं को जोड़कर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की कहानियां बनाई जा रही हैं, जिससे यह मामला और भी ज्यादा चर्चा में आ गया है।


फिलहाल चुप्पी, लेकिन चर्चा चरम पर

हालांकि इस पूरे मामले पर न तो विजय और न ही Trisha Krishnan ने कोई आधिकारिक बयान दिया है, लेकिन सोशल मीडिया पर यह मुद्दा लगातार ट्रेंड कर रहा है। लोग पुराने वीडियो, इंटरव्यू और तस्वीरें खंगालकर नए-नए कनेक्शन जोड़ रहे हैं। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि विजय की राजनीतिक जीत के साथ-साथ तृषा भी सुर्खियों के केंद्र में आ गई हैं।