Tiger Shroff Firing Case: मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी अभिषेक पंडित के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है। अभिषेक इस मामले के कथित मास्टरमाइंड अनिल पंडित का भाई है। उस पर गिरफ्तार आरोपियों की आर्थिक मदद करने और गैंग के फंडिंग नेटवर्क को संभालने का आरोप है। पुलिस को आशंका है कि वह देश छोड़कर फरार हो सकता है। इसी को देखते हुए मुंबई पुलिस ने उसके खिलाफ LOC जारी किया है, ताकि विदेश जाने की कोशिश करने पर उसे रोका जा सके।
मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम अभिषेक पंडित को गिरफ्तार करने के लिए हरियाणा के करनाल पहुंची थी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह कथित तौर पर फरार हो गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसियों को आशंका है कि अभिषेक किसी ऐसे देश में भाग सकता है, जहां से उसे भारत वापस लाना मुश्किल हो। इसी वजह से उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया है।
इस मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच अभिषेक पंडित की पत्नी सुनेहा पंडित को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के मुताबिक, सुनेहा इस फायरिंग मामले में गिरफ्तार की गई 13वीं आरोपी है। उस पर अपने पति के नाम पर बैंक खाता संचालित करने और उसके निर्देश पर लेनदेन करने का आरोप है।
जांच एजेंसियों का दावा है कि इसी बैंक खाते के माध्यम से मामले में शामिल सह-आरोपियों को पैसे ट्रांसफर किए जाते थे। पुलिस अब इस आर्थिक लेनदेन और फंडिंग नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
मुंबई पुलिस की जांच में अभिषेक पंडित के कथित क्रिप्टोकरेंसी कनेक्शन की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, अभिषेक विदेश से एक क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट संचालित करता था, जिसमें जबरन वसूली से जुड़ी रकम भेजी जाती थी। जांच एजेंसियों को संदेह है कि वह गैंग के आर्थिक नेटवर्क को संभालने में अहम भूमिका निभा रहा था।
टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर फायरिंग मामले में अब तक कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, अभिषेक पंडित की तलाश जारी है। मुंबई क्राइम ब्रांच गैंग की फंडिंग, बैंक खातों के इस्तेमाल, क्रिप्टोकरेंसी लेनदेन और अन्य आरोपियों के साथ उसके संबंधों की जांच कर रही है। पुलिस का प्रयास है कि अभिषेक पंडित को जल्द गिरफ्तार कर फायरिंग मामले के पीछे के पूरे नेटवर्क और आर्थिक लेनदेन से जुड़े तथ्यों का खुलासा किया जा सके।