DESK: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ से जुड़ी बड़ी खबर मुंबई से सामने आ रही है। दावा किया जा रहा है कि मुंबई के जुहू इलाके में उनकी BMW कार पर तीन गोलियां चलाई गईं। हालांकि, इस घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बताए जा रहे हैं। 


सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से एक पोस्ट भी सामने आया है, जिसमें फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। फिलहाल मुंबई पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल, फायरिंग के पीछे की असली वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।


जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम टाइगर श्रॉफ फुटबॉल मैच खेलने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान जुहू इलाके में उनकी BMW कार पर फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ को कोई चोट नहीं आई है। हालांकि, खबरों में उनके ड्राइवर के नानावती अस्पताल में भर्ती होने की बात कही गई है।


घटना के बाद मुंबई पुलिस ने जांच तेज कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपियों की तलाश और मामले की जांच के लिए पुलिस की 12 टीमें बनाई गई हैं। पुलिस घटनास्थल और घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल, फायरिंग किस वजह से हुई और इसके पीछे कौन लोग हैं, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।


इस बीच, सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से एक पोस्ट वायरल हो रहा है। पोस्ट में अनिल पंडित और हरमन संधू के नाम से फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में यह भी धमकी दी गई है कि मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में उनकी बात नहीं मानने वालों और सलमान खान के साथ काम करने वालों को निशाना बनाया जा सकता है।


हालांकि, सोशल मीडिया पोस्ट की प्रामाणिकता और उसमें किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। ऐसे में फायरिंग के पीछे किसी गिरोह की भूमिका को लेकर फिलहाल कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।


वहीं, टाइगर श्रॉफ की सुरक्षा को लेकर उनके पिता जैकी श्रॉफ की टीम ने स्पष्ट किया है कि अभिनेता सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है। पुलिस भी इस बात की पुष्टि कर चुकी है कि टाइगर श्रॉफ को फायरिंग में नुकसान नहीं पहुंचा है। फिलहाल, मुंबई पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। अब देखना होगा कि जांच में फायरिंग के पीछे की वजह और आरोपियों को लेकर क्या खुलासे होते हैं।