Swara Bhasker Controversy: फिल्म अभिनेत्री स्वरा भास्कर की फिल्म 'पद्मावत' के जौहर सीन पर की गई टिप्पणी को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। पटना में बीजेपी नेता कृष्णा सिंह उर्फ कल्लू ने स्वरा भास्कर के खिलाफ कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अभिनेत्री की टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए पुलिस से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।



शिकायत दर्ज कराने के बाद कृष्णा सिंह कल्लू ने कहा कि स्वरा भास्कर की टिप्पणी से समाज के एक वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि क्षत्रिय महिलाओं या देश की माताओं-बहनों का अपमान किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बीजेपी नेता ने अभिनेत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी मांग की है।



कृष्णा सिंह ने बताया कि इस मामले को लेकर जल्द ही आक्रोश मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर मामले को लेकर कोर्ट का भी रुख किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मंगलवार को कोतवाली थाने में पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस ने शिकायत की जांच और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है।



बीजेपी नेता ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना उचित नहीं है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल शिकायत के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



बता दें कि यह विवाद 31 अगस्त को दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित 'वुमन, लाइफ, फ्रीडम' टॉक के दौरान शुरू हुआ था। कार्यक्रम में स्वरा भास्कर ने फिल्म 'पद्मावत' के जौहर सीन का जिक्र करते हुए कहा था कि इससे रेप सर्वाइवर्स को गलत संदेश जा सकता है।



स्वरा ने सवाल उठाते हुए कहा था कि क्या सर्वाइवर्स को यह संदेश दिया जाना चाहिए कि वे जीने के लायक नहीं हैं या अगर कोई महिला सम्मानित और बहादुर है तो उसे खुद को मार लेना चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल किया था कि क्या रेप को किसी महिला की जिंदगी का अंत माना जाना चाहिए।