Bihar News: भोजपुरी इंडस्ट्री के चर्चित अभिनेता पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के रिश्ते में चल रहा विवाद अब खुलकर सामने आने लगा है। दोनों के बीच लंबे समय से चल रही कानूनी लड़ाई और तलाक का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। इसी बीच ज्योति सिंह ने एक इंटरव्यू में कई ऐसे खुलासे किए हैं, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया है।


ज्योति सिंह ने स्वीकार किया कि उन्होंने कोर्ट में पवन सिंह से 10 करोड़ रुपये की एलिमनी की मांग की है। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि इतनी बड़ी रकम मांगने के पीछे सिर्फ पैसे की बात नहीं, बल्कि उनके रिश्ते में बीते वर्षों का दर्द और मानसिक संघर्ष भी जुड़ा हुआ है।


एक इंटरव्यू में बातचीत के दौरान ज्योति ने कहा कि शुरुआत में उन्होंने पवन सिंह से सिर्फ 3 करोड़ रुपये मांगे थे। लेकिन अभिनेता की ओर से इस पर सहमति नहीं बनी। ज्योति के मुताबिक, पवन सिंह ने कोर्ट में कहा था कि वह 50 लाख रुपये से ज्यादा नहीं देंगे।


इसी बात पर प्रतिक्रिया देते हुए ज्योति ने कहा, 50 लाख रुपये में आज क्या होता है? इतने में तो ठीक से दो कमरे का घर भी नहीं आता। जब 3 करोड़ देने में ही आठ साल लग गए, तब मैंने सोचा कि 10 करोड़ मांगती हूं, ताकि मामला लंबा चले।


उन्होंने यह भी कहा कि अब वह दोबारा शादी के बारे में सोच भी नहीं सकतीं। ज्योति के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने जिस मानसिक तनाव और भावनात्मक दर्द का सामना किया, उसने उनके भीतर शादी को लेकर डर पैदा कर दिया है।


ज्योति ने इंटरव्यू में कहा, “अब शादी के नाम से ही डर लगने लगा है। अगर मुझे किसी और के साथ जिंदगी बितानी होती तो मैं बहुत पहले अलग हो जाती। लेकिन मेरे आठ साल इस रिश्ते में चले गए। जब उन्हें मेरे साथ नहीं रहना था, तो शुरुआत में ही रिश्ता खत्म कर देना चाहिए था।”


उन्होंने यह भी दावा किया कि तलाक के कागजों पर साइन करने के लिए पवन सिंह तैयार हैं, लेकिन उन्होंने खुद ही अभी तक साइन नहीं किया है। ज्योति का कहना है कि वह इतने सालों तक रिश्ते में रहने के बाद इतनी आसानी से सब खत्म नहीं करना चाहतीं।


बता दें कि पवन सिंह की यह दूसरी शादी है। उनकी पहली पत्नी प्रिया कुमारी सिंह का साल 2015 में निधन हो गया था। इसके बाद साल 2018 में उन्होंने ज्योति सिंह से शादी की थी। हालांकि कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्तों में तनाव की खबरें सामने आने लगीं और मामला कोर्ट तक पहुंच गया।


भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में यह मामला लंबे समय से चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर भी लोग इस विवाद पर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कोई ज्योति के दर्द को समझने की बात कर रहा है, तो कोई इस पूरे मामले को दोनों की निजी जिंदगी से जोड़कर देख रहा है।