Satluj Controversy: पंजाबी अभिनेता और गायक दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ (Satluj) इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई है. कई सालों तक विवादों और कानूनी अड़चनों का सामना करने के बाद यह फिल्म 3 जुलाई को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई थी. लेकिन रिलीज के महज 48 घंटे के भीतर ही इसे भारत में प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया. इसके बाद से लोग जानना चाहते हैं कि आखिर इस फिल्म को लेकर इतना विवाद क्यों हुआ. आइए आसान भाषा में समझते हैं पूरी कहानी.


किस पर आधारित है फिल्म ‘सतलुज’

यह फिल्म पंजाब के मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन से प्रेरित बताई जाती है. उन्होंने 1984 से 1994 के बीच पंजाब में लापता हुए हजारों लोगों के मामलों की जांच की थी. उनकी जांच के बाद यह मामला देशभर में चर्चा का विषय बन गया था. बाद में साल 1995 में जसवंत सिंह खालड़ा खुद लापता हो गए. कई साल बाद अदालत ने इस मामले में पंजाब पुलिस के चार कर्मियों को दोषी ठहराया. बाद में उनकी सजा को आजीवन कारावास में बदल दिया गया.


तीन बार बदला गया फिल्म का नाम

फिल्म का नाम शुरुआत में ‘घल्लूघारा’ रखा गया था. इस नाम पर सेंसर बोर्ड ने आपत्ति जताई. इसके बाद मेकर्स ने इसका नाम बदलकर ‘पंजाब 95’ कर दिया. इसी नाम से फिल्म का प्रीमियर टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में हुआ और दिलजीत दोसांझ के अभिनय की काफी सराहना भी हुई. हालांकि बाद में कुछ कारणों से फिल्म को कुछ फिल्म फेस्टिवल से हटा दिया गया. आखिर में जब फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई तो इसका नाम बदलकर ‘सतलुज’ रखा गया.


सेंसर बोर्ड के साथ लंबा विवाद

फिल्म को भारत में रिलीज करने के लिए मेकर्स को सेंसर बोर्ड से मंजूरी नहीं मिल रही थी. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बोर्ड ने फिल्म में 127 बदलाव करने की बात कही थी. इनमें कई ऐतिहासिक घटनाओं, जगहों और किरदारों से जुड़े हिस्सों में बदलाव की मांग भी शामिल थी. इसी वजह से फिल्म लंबे समय तक भारत में सिनेमाघरों में रिलीज नहीं हो सकी. बाद में इसे फरवरी 2025 में सिर्फ कुछ चुनिंदा देशों में रिलीज किया गया.


OTT पर रिलीज होते ही क्यों हटाई गई फिल्म

लंबे इंतजार के बाद 3 जुलाई को फिल्म को ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर रिलीज किया गया. लेकिन 5 जुलाई को जी5 ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि फिल्म को भारत में प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है. हालांकि कंपनी ने इसके पीछे की वजह साफ नहीं बताई. जी5 ने इतना जरूर कहा कि वह फिल्म और उसके निर्माताओं के साथ खड़ी है और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसे फिर से भारत में उपलब्ध कराने की कोशिश करेगी. फिलहाल यह फिल्म जी5 ग्लोबल पर उपलब्ध है.


दिलजीत दोसांझ को पहले से था अंदाजा

फिल्म हटाए जाने से पहले ही दिलजीत दोसांझ ने इसका संकेत दे दिया था. इंस्टाग्राम लाइव के दौरान उन्होंने अपने प्रशंसकों से कहा था कि उन्हें लगता है फिल्म ज्यादा दिनों तक भारत में उपलब्ध नहीं रहेगी. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि अगर देखनी है तो जल्दी देख लो. उनकी यह बात कुछ ही समय बाद सच साबित हुई और रिलीज के दो दिन के भीतर फिल्म भारत में हटा दी गई.