Aamir Khan Confirms Wedding:बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान अपनी पार्टनर गौरी स्प्रैट के साथ शादी करने वाले हैं। 61 साल के आमिर खान ने इस खबर पर आधिकारिक मुहर लगा दी है। लंबे समय से आमिर खान और गौरी स्प्रैट के रिश्ते को लेकर चर्चाएं चल रही थीं, जिन पर अब खुद आमिर ने विराम लगा दिया है।


आमिर खान ने इस बात पुष्टि की है कि वे 5 जुलाई 2026 को गौरी स्प्रैट के साथ विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। हाल ही में शादी की खबरें सामने आने के बाद फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई थी। अब अमेरिका में मौजूद आमिर खान ने एक बातचीत के दौरान इन खबरों को सही बताते हुए कहा कि उनकी शादी 5 जुलाई को होगी।


शादी की खबर पर आमिर खान ने लगाई मुहर

मीडिया से बातचीत में आमिर खान ने कहा कि मैं इस समय अमेरिका में हूं और यात्रा कर रहा हूं। हमारी शादी को लेकर जो खबरें सामने आ रही हैं, वे सही हैं। हम 5 जुलाई को शादी करने जा रहे हैं। इस बयान के साथ ही आमिर खान ने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपनी और गौरी की शादी की पुष्टि कर दी है।


रिश्ते को नया नाम देने के लिए तैयार हैं दोनों

कुछ महीने पहले एक इंटरव्यू में आमिर खान ने कहा था कि उनके लिए शादी कोई बड़ा मुद्दा नहीं है। उन्होंने बताया था कि वह और गौरी एक नए घर में साथ रह रहे हैं और खुश हैं। हालांकि अब दोनों ने अपने रिश्ते को औपचारिक रूप देने का फैसला किया है। आमिर ने कहा, "हां, यह सच है। अब हमें लगता है कि हम अपने रिश्ते को अगले स्तर पर ले जाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने आगे कहा, "मैं बेहद शांत और संतुष्ट महसूस कर रहा हूं। गौरी और मैं एक-दूसरे को लेकर गंभीर हैं और पूरी तरह समर्पित हैं। हम पार्टनर हैं और साथ हैं। दिल से तो मैं पहले ही उनसे शादी कर चुका हूं। ऐसे में हमारे रिश्ते को औपचारिक रूप देना एक स्वाभाविक कदम लगता है।"


जन्मदिन पर दुनिया से कराया था गौरी का परिचय

मार्च 2025 में अपने 60वें जन्मदिन के अवसर पर आमिर खान ने पहली बार मीडिया के सामने गौरी स्प्रैट को अपनी पार्टनर के रूप में पेश किया था। उसी दौरान उन्होंने अपने रिश्ते को सार्वजनिक भी किया था। गौरी स्प्रैट बेंगलुरु की रहने वाली हैं और एक वेलनेस एवं ब्यूटी सैलून का संचालन करती हैं। आमिर ने बताया था कि दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे, लेकिन दोबारा मुलाकात के बाद उनके बीच नजदीकियां बढ़ीं और रिश्ता मजबूत होता गया।


आमिर खान की दो शादियां पहले हो चुकी हैं

आमिर खान की पहली शादी रीना दत्ता से हुई थी। इस शादी से उनके दो बच्चे हैं—जुनैद खान और आयरा खान। बाद में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद आमिर ने फिल्म निर्माता किरण राव से शादी की। इस रिश्ते से उनका एक बेटा आजाद राव खान है। हालांकि आमिर और किरण भी बाद में अलग हो गए, लेकिन तलाक के बाद भी दोनों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध बने हुए हैं। आमिर अक्सर अपनी पूर्व पत्नियों और परिवार के साथ सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर आते हैं।अब 61 वर्ष की उम्र में आमिर खान अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करने जा रहे हैं। 5 जुलाई को होने वाली उनकी शादी को लेकर फैंस और बॉलीवुड जगत में खासा उत्साह देखा जा रहा है।