Bihar News: राजधानी पटना के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी इलाके का दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र से जुड़ाव मजबूत होने जा रहा है। पथ निर्माण विभाग जल्द ही 292.74 करोड़ रु.की लागत से शहर को एक वैकल्पिक फ्लाईओवर देने की तैयारी में है। इस फ्लाईओवर के बन जाने से पटना सिटी (पुराना शहर), कंकड़बाग आदि इलाके की जनता का सचिवालय, यारपुर, एयरपोर्ट तक का आवागमन आसान होगा।

पटना सिटी एवं कंकड़बाग से लेकर एयरपोर्ट तक आवागमन करने वाले लोगों की जाम की समस्या को देखते हुए पथ निर्माण विभाग ने अतिरिक्त फ्लाईओवर विद सर्विस लेन निर्माण का निर्णय लिया था। इसी के तहत मीठापुर से चिरैयाटांड़ होते हुए करबिगहिया को जोड़ने के लिए 4-एलिवेटेड कॉरीडोर का निर्माण किया जा रहा है। परियोजना में शामिल फ्लाईओवर, पहुंच पथ और सेवा पथ निर्माण का काम युद्धस्तर पर जारी है। 

विभागीय अधिकारियों के अनुसार परियोजना के प्रथम चरण का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है और इसे अगले एक से दो महीनों में पूर्ण कर लिया जाएगा। वहीं दिसंबर 2026 तक सेकेंड फेज के काम को भी पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। 

इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद पटना सिटी (पुराना शहर) और कंकड़बाग सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए जीपीओ गोलंबर होते हुए सचिवालय, यारपुर और एयरपोर्ट तक आवागमन काफी सुगम हो जाएगा। इस वैकल्पिक फ्लाईओवर के निर्माण से प्रतिदिन लगने वाले एक से दो घंटे के जाम से भी लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।