DESK: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की वरिष्ठ नेता और बारामती से लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले आज पुणे से मुंबई जाते समय सड़क हादसे का शिकार हो गईं। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह पूरी तरह सुरक्षित हैं।
जानकारी के मुताबिक, सुप्रिया सुले की कार हाईवे पर एक अन्य वाहन से टकरा गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा तथा स्थिति को नियंत्रित किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में शामिल टैक्सी चालक की लापरवाही सामने आई है।
सुप्रिया सुले ने खुद सोशल मीडिया पर घटना की जानकारी साझा करते हुए बताया, “आज पुणे से मुंबई जाते समय हाईवे पर मेरा एक बेहद खराब अनुभव रहा। एक टैक्सी चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए मेरी कार को साइड से टक्कर मार दी। शुक्र है कि हम सभी सुरक्षित हैं।”
उन्होंने इस घटना को सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर चेतावनी बताते हुए लोगों से सीट बेल्ट लगाने, सतर्क रहने और जिम्मेदारी से वाहन चलाने की अपील की। सुले ने कहा कि तेज रफ्तार और लापरवाही अनगिनत लोगों की जान जोखिम में डाल सकती है।
एनसीपी प्रवक्ता ने भी पुष्टि की कि सुप्रिया सुले सुरक्षित हैं और दुर्घटना मामूली थी। उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद वह फिर से अपने पार्टी कार्यों में सक्रिय हो गईं। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती रिपोर्ट में तेज रफ्तार या यातायात नियमों के उल्लंघन को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। विस्तृत जांच रिपोर्ट का इंतजार है। गौरतलब है कि सुप्रिया सुले महाराष्ट्र की बारामती सीट से सांसद हैं और एनसीपी प्रमुख शरद पवार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने वाली प्रमुख नेताओं में गिनी जाती हैं.