Love Story: झारखंड के साहेबगंज जिले में प्रेम और रिश्ते से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया. यहां दो बच्चों की मां अपने पड़ोस में रहने वाले युवक के प्यार में पड़ गई. जब पति को पत्नी के प्रेम संबंध की जानकारी हुई तो उसने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन जब पत्नी प्रेमी के साथ रहने पर अड़ गई तो पति ने खुद ही दोनों की शादी कराने का फैसला कर लिया.


मामला मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के महादेव बरन गांव का है. यहां अशोक मोहाली ने अपनी पत्नी पूनम देवी की शादी उसके प्रेमी करण मोहाली से करा दी. इसके साथ ही करीब 10 साल तक साथ रहे पति-पत्नी का रिश्ता खत्म हो गया और दोनों ने अपनी-अपनी राह अलग कर ली.


10 साल पहले हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार अशोक मोहाली की करीब 10 साल पहले बांका जिले के लकड़ी कोला गांव निवासी पूनम देवी से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार शादी हुई थी. शादी के बाद दोनों साथ रह रहे थे. इस दौरान उनके दो बेटे भी हुए. दोनों बच्चों की उम्र 9 और 7 वर्ष बताई गई है.


कुछ वर्षों बाद पूनम देवी का अपने पड़ोस में रहने वाले करण मोहाली से प्रेम संबंध हो गया. पति को जब इसकी जानकारी हुई तो उसने दोनों को कई बार समझाने की कोशिश की.


पहले पंचायत और फिर थाने तक पहुंचा था मामला

बताया गया कि अशोक ने कई बार पत्नी और करण को आपत्तिजनक स्थिति में भी पकड़ा था. इसके बाद मामला पंचायत तक पहुंचा और पुलिस थाने में भी इसकी शिकायत हुई. उस समय पूनम ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए दोबारा ऐसा नहीं करने का भरोसा दिया था.


लेकिन बाद में पूनम ने पति के साथ रहने के बजाय अपने प्रेमी करण के साथ शादी करने का फैसला कर लिया.


पति ने खुद कराई पत्नी की प्रेमी से शादी

पूनम के इस फैसले के बाद अशोक ने भी अलग रास्ता अपनाने का निर्णय लिया. पूनम ने कोर्ट के स्टांप पेपर पर पति से अलग होने के लिए हस्ताक्षर कर दिए. इसके बाद गांव के लोगों की मौजूदगी में अशोक ने अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी करण मोहाली से कराने की सहमति दे दी.


इसके बाद गांव में ही करण मोहाली ने पूनम की मांग में सिंदूर भरकर उससे शादी कर ली. इस तरह करीब 10 साल तक साथ रहने वाले अशोक और पूनम का रिश्ता खत्म हो गया और पूनम अपने प्रेमी करण के साथ चली गई.