JHARKHAND:झारखंड के सरायकेला में दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। यहां दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या कर दी गई। आरोप है कि हत्या के बाद आरोपी ने महिला के शव के कई हिस्सों को काटकर कढ़ाई में भूनने की कोशिश की। इस सनसनीखेज मामले में मृतका के जेठ को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
इस घटना से इलाके में सनसनी फैली हुई है। इलाके के लोग भी हैरान हैं। लोगों का कहना है कि एक सभ्य समाज में इस तरह की घटनाएं शोभा नहीं देती है। कुछ लोग आरोपी को आदमखोर बता रहे हैं। मृतका की पहचान 47 वर्षीय विश्वासी सोय के रूप में हुई है। वह जोम्बरो गांव की रहने वाली थी। वहीं, आरोपी की पहचान 54 वर्षीय पैलुश मुंडा के रूप में हुई है, जो रिश्ते में महिला का जेठ लगता है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव के बाहर मेला लगा हुआ था। इसके साथ ही हॉकी टूर्नामेंट का भी आयोजन किया गया था। विश्वासी सोय मेले में हंडिया बेचने गई थी। शाम को घर लौटते समय वह अपने जेठ पैलुश मुंडा के घर रुक गई।
बताया जा रहा है कि उस दौरान घर में पैलुश मुंडा और कुछ अन्य लोगों ने साथ बैठकर शराब पी थी। देर रात नशे की हालत में बाकी लोग अपने-अपने घर चले गए, जबकि विश्वासी वहीं रुक गई। आरोप है कि महिला को घर में अकेला पाकर पैलुश मुंडा ने उसके साथ गंदा काम किया और फिर पकड़े जाने के डर से उसकी निर्मम हत्या कर दी।
आरोप है कि हत्या के बाद आरोपी ने महिला के शव को गांव के एक नाले में फेंक दिया। लेकिन इसके बाद जो जानकारी सामने आई, उसने ग्रामीणों को भी हैरान कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने महिला के शव के कई हिस्सों को काट लिया और घर के पीछे एक कढ़ाई में उन्हें भूनने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों की नजर इस पर पड़ी। जब लोगों ने नाले में महिला का शव भी देखा तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने आरोपी पैलुश मुंडा को घेर लिया और पकड़कर अपने कब्जे में रख लिया। इसके बाद दलभंगा ओपी पुलिस को सूचना दी गई। अगले दिन सुबह में पुलिस की टीम गांव में पहुंची, जहां ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उसे थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की गयी।
इस पूरे मामले की तफ्तीश में पुलिस जुटी हुई है। महिला के साथ दुष्कर्म, हत्या और शव के साथ की गई कथित बर्बरता के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। बरामद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़ी पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।