DESK:अब राशन के लिए लोगों को परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी। डीलर की मनमानी नहीं चलेगी। सरकार जल्द ही कार्डधारियों के लिए राशन एटीएम लगाने जा रही है। राशन एटीएम मशीन से लोग गेहूं और चावल निकाल सकेंगे। वजन भी सही रहेगा और चौबीस घंटे यह राशन एटीएम काम करेगा। किसी को भी बिना राशन लिये लौटना नहीं पड़ेगा। जैसा कि डीलर के यहां समस्या झेलनी पड़ती है।
राशन लेने के लिए नहीं करना होगा दुकान खुलने का इंतजार
झारखंड के धनबाद समेत आसपास के क्षेत्रों में बहुत जल्द राशन एटीएम लगेगी। राशन एटीएम से पैसे की तरह गेहूं और चावल निकलेगा। केंद्र सरकार की योजना के तहत जिले में जल्द राशन एटीएम लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के मुताबिक, राशन एटीएम ऑटोमेटिक मशीन होगी। इसे इस तरह तैयार किया जा रहा है कि राशन कार्डधारक अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय राशन ले सकें। इसके लिए उन्हें राशन कार्ड नंबर दर्ज करना होगा और बायोमीट्रिक मशीन पर अंगूठा लगाकर अपनी पहचान सत्यापित करनी होगी। पहचान की पुष्टि होने के बाद कार्ड में तय मात्रा के अनुसार गेहूं और चावल मशीन से निकल जाएगा।
कम राशन मिलने की शिकायतों पर लगेगी रोक
फिलहाल कई जगहों से जन वितरण प्रणाली यानी PDS की दुकानों पर कम राशन देने, समय पर दुकान नहीं खोलने और अंगूठा लगवाने के बाद भी अनाज नहीं देने की शिकायतें मिलती रहती हैं। राशन एटीएम शुरू होने से इन समस्याओं को दूर करने में मदद मिलने की उम्मीद है। मशीन के जरिए राशन का वितरण होने से कार्डधारकों को सही वजन में अनाज मिल सकेगा। साथ ही, राशन वितरण का पूरा रिकॉर्ड डिजिटल रहेगा और ऑनलाइन निगरानी भी की जाएगी।
जल्द शुरू होगी प्रक्रिया
धनबाद के जिला आपूर्ति पदाधिकारी (DSO) पंकज कुमार ने बताया कि जिले में राशन एटीएम लगाने की तैयारी चल रही है। डीसी कार्यालय के पीछे इसके लिए जगह चिह्नित की गई है और टेंडर की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि सब कुछ ठीक रहा तो आगे अन्य जगहों पर भी ऐसी मशीनें लगाई जा सकती हैं।
हालांकि, फिलहाल मशीन लगाने की तैयारी चल रही है। राशन एटीएम कब से काम करना शुरू करेगी और कार्डधारकों को इसका लाभ कब मिलेगा, इसकी स्पष्ट तारीख सामने नहीं आई है।