DUMKA: झारखंड के दुमका जिले में गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। देवघर से बासुकीनाथ जा रहे छह श्रद्धालुओं से भरे ऑटोरिक्शा की नरगंजो इलाके में पिकअप वैन से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हैं। घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
हादसे में एक की मौके पर मौत
पुलिस के मुताबिक, हादसा तालझारी थाना क्षेत्र के नरगंजो इलाके में हुआ। ऑटोरिक्शा में छह श्रद्धालु सवार थे और सभी देवघर से बासुकीनाथ जा रहे थे। इसी दौरान ऑटो की पिकअप वैन से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तालझारी थाना प्रभारी संगम पाठक ने बताया कि हादसे में रामाशंकर पांडा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान दो श्रद्धालुओं ने तोड़ा दम
हादसे में घायल दो अन्य श्रद्धालुओं की इलाज के दौरान मौत हो गई। इनमें एक ने दुमका के अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ा, जबकि दूसरे की मौत देवघर के अस्पताल में हुई। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई। वहीं, तीन घायलों का इलाज जारी है। इनमें एक घायल को देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज दुमका स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों वाहनों की टक्कर के कारणों और हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।