JHARKHAND: झारखंड के बोकारो से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां तीन साल के मासूम ने अपने मामा से चॉकलेट मांगी, लेकिन मामा ने उसे खिलौने की जगह पिस्टल थमा दी। बच्चा पिस्टल को खिलौना समझकर खेलने लगा और इसी दौरान अचानक गोली चल गई।


 गोली लगने से मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मामा फरार हो गया। पुलिस ने पिस्टल जब्त कर ली है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


घटना बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र स्थित कर्नल मार्केट के रांची मुहल्ले की है। मृतक बच्चे की पहचान तीन वर्षीय साहिल राज के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक,साहिल की मां उसे दूध-रोटी खिला रही थीं। इसी दौरान बच्चे का 21 वर्षीय मामा राजेश कुमार घर पहुंचा।


मामा को देखकर साहिल ने उससे चॉकलेट मांगी। आरोप है कि राजेश ने चॉकलेट देने के बजाय बच्चे को खिलौना लाने की बात कही और उसके हाथ में पिस्टल थमा दी। मां को भी इस बात का अंदाजा नहीं हुआ कि बच्चे के हाथ में असली पिस्टल है।


मासूम पिस्टल को खिलौना समझकर खेलने लगा। इसी दौरान ट्रिगर दब गया और गोली बच्चे के सिर को भेदते हुए निकल गई। गोली चलने की आवाज सुनकर बच्चे के पिता शंकर राम और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक साहिल की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। बेटे की मौत से मां बेसुध हो गईं, जबकि आरोपी मामा मौके से फरार हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही माराफारी इंस्पेक्टर संजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल जब्त कर ली है। पोस्टमार्टम के बाद बच्चे का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने आरोपी राजेश कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। 


इस दर्दनाक घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। साथ ही, हथियारों को बच्चों की पहुंच से दूर रखने और उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।