WEST BENGAL: पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गंगारामपुर में नौकरी छूटने से परेशान एक शख्स ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद वह पत्नी का कटा हुआ सिर लेकर काली मंदिर पहुंच गया और वहां बैठ गया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी के पास ही उसके दो मासूम बच्चे भी मौजूद थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।


पत्नी की हत्या कर कटा सिर लेकर मंदिर पहुंचा

घटना गंगारामपुर के नारायणपुर इलाके के वार्ड नंबर-4 की है। आरोपी की पहचान रिंटू घोष के रूप में हुई है, जबकि मृतका की पहचान 35 वर्षीया सीमा सरकार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रिंटू ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद वह उसका कटा हुआ सिर लेकर स्थानीय काली मंदिर पहुंच गया। स्थानीय लोगों ने जब मंदिर में यह खौफनाक मंजर देखा तो उनके होश उड़ गए। आरोपी के हाथ में खून से सना चाकू था और उसकी गोद में पत्नी का कटा हुआ सिर रखा था। वहीं, पास में उसके दोनों मासूम बच्चे चुपचाप बैठे हुए थे।


नौकरी जाने के बाद बिगड़ी मानसिक स्थिति

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस आरोपी को अपने साथ ले जा रही थी, तब उसने मीडिया के सामने अपनी आपबीती बताई। रिंटू ने कहा, 'नॉर्थ बंगाल स्टेट ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (NBSTC) से नौकरी जाने और पुलिस स्टेशन के चक्कर काटने के बाद मैं साइको बन चुका हूं।' बताया जा रहा है कि रिंटू पहले NBSTC में बस कंडक्टर था। नौकरी छूटने के बाद उसने छोटे-मोटे कारोबार शुरू किए, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। आर्थिक तंगी के कारण परिवार चलाना भी मुश्किल हो गया था।


तंत्र-मंत्र की गतिविधियों में बढ़ गया था झुकाव

आरोपी के रिश्तेदार राजेश प्रामाणिक ने उसके व्यवहार में बदलाव को लेकर कई चौंकाने वाले दावे किए हैं। रिश्तेदार के मुताबिक, नौकरी जाने के बाद रिंटू की हरकतें असामान्य होने लगी थीं। उसने अचानक मांसाहारी भोजन छोड़ दिया था और तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधियों में उसकी दिलचस्पी बढ़ गई थी। रिश्तेदार के इन दावों के बाद पुलिस इस पहलू से भी मामले की जांच कर रही है। हालांकि, हत्या के पीछे तांत्रिक गतिविधियों या किसी अनुष्ठान की भूमिका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


जांच में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही गंगारामपुर थाने के प्रभारी पूर्णेंदु कुंडू के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी रिंटू घोष को गिरफ्तार कर लिया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल खून से सना हथियार भी जब्त किया गया है।


फिलहाल पुलिस पारिवारिक विवाद, बेरोजगारी से उपजी परेशानी और आरोपी के कथित तंत्र-मंत्र से जुड़े दावों समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस खौफनाक वारदात ने दो मासूम बच्चों को मां के साये से वंचित कर दिया है। वहीं, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर रिंटू ने इस जघन्य वारदात को क्यों अंजाम दिया?