Bihar News: पश्चिम चंपारण के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) के वाल्मीकिनगर वन क्षेत्र अंतर्गत ठाड़ी गांव के पास धनहिया में शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हुआ। वन विभाग की टीम और स्थानीय लोगों के बीच शुरू हुआ विरोध देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान आक्रोशित लोगों ने अतिक्रमण हटाने में लगी एक जेसीबी मशीन में आग लगा दी। घटना में वन विभाग और स्थानीय पक्ष के करीब आधा दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है।
दरअसल, वन विभाग, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम वीटीआर की वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए धनहिया पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय लोगों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार, देखते ही देखते बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण मौके पर जुट गए और वन विभाग की टीम को घेर लिया। स्थिति बिगड़ने पर वाल्मीकिनगर थाना पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन भीड़ के उग्र होने के कारण हालात को नियंत्रित करना चुनौतीपूर्ण हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ निहार भूषण और एसएसबी के कमांडेंट अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया और वन विभाग की टीम को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल और वन कर्मियों की तैनाती कर दी गई है।
एसडीपीओ निहार भूषण ने बताया कि अतिक्रमण हटाने गई वन विभाग की टीम और स्थानीय लोगों के बीच झड़प की सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है और वन विभाग की टीम को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
उन्होंने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। वन अधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।