Bihar Crime News: बिहार के वैशाली जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन नीलकंठ के तहत वैशाली पुलिस और मद्यनिषेध विभाग की संयुक्त टीम ने बिदुपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर करीब 119.30 ग्राम मादक पदार्थ, तीन मोबाइल फोन और 12 लाख 33 हजार 160 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक, वैशाली के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बिहार पुलिस और राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना की संयुक्त टीम को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने बिदुपुर थाना क्षेत्र की माइल पंचायत के बगुलिया गाछी स्थित एक संदिग्ध मकान की घेराबंदी की। इसके बाद टीम ने मकान में सघन तलाशी अभियान चलाया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 119.30 ग्राम मादक पदार्थ, तीन मोबाइल फोन और 12,33,160 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस के अनुसार, बरामद नकदी प्रथम दृष्टया मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित होने की आशंका है। इस बरामदगी के बाद पुलिस अब आरोपियों के कारोबार और उससे जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने पवन ठाकुर और उसके पुत्र नीरज कुमार को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा नीरज कुमार की पत्नी को भी हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया है। इस तरह मामले में कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस तीनों आरोपियों से मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री, आपूर्ति और तस्करी नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
मामले में बिदुपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस बरामद मादक पदार्थ और नकदी के स्रोत का पता लगाने के साथ आरोपियों के संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है।ऑपरेशन नीलकंठ के तहत हुई इस कार्रवाई को जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के अभियान का हिस्सा बताया गया है।