VAISHALI : बिहार में आये दिन आपराधिक मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. ताजा मामला बिहार के वैशाली जिले का है. यहां हाजीपुर में बदमाशों ने दो बड़ी वारदातों को अंजाम दिया है. बदमाशों ने एक शख्स को गोली मार दी है. साथ ही ज्वेलरी की दुकान पर चढ़कर अंधाधुंध फायरिंग भी की है. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.


वारदात सदर थाना इलाके की है. यहां एकारा गुमटी के पास बदमाशों ने एक प्लम्बर मिस्त्री को गोली मार दी है. बाइक लूटने के दौरान हथियारबंद अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया. गोली लगने के कारण युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया है. उसे इलाज के लिए नजदीकी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.


दूसरी घटना वैशाली के सराय थाना इलाके की है. यहां सराय मोड़ के पास आभूषण की दुकान पर बेखौफ अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की है. दोनों ही घटनाओं की जानकारी मिलने के बाद वैशाली के एसपी मनीष कुमार ने मामले की जांच का आदेश दिया है. सदर एसडीपीओ राघव दयाल दोनों घटनाओं की तफ्तीश में जुटे हुए हैं.