VAISHALI: वैशाली जिले में बेखौफ बदमाशों ने मवेशी बेचकर बाइक से घर लौट रहे बाप-बेटे को गोली मार दी। इस घटना में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्र के पैर में गोली लगी है। घायल युवक को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेजा गया है। शुरुआती तौर पर घटना को लूटपाट के प्रयास से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि कितने रुपये की लूट हुई या लूट हुई भी या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
घटना महुआ थाना क्षेत्र के तरौरा नहर के पास की है। बताया जा रहा है कि तीसीऔता थाना क्षेत्र के हुसैनी गांव निवासी लक्ष्मण राय अपने पुत्र मिथलेश के साथ महुआ थाना क्षेत्र स्थित माधौल मवेशी हाट में पशु बेचने गए थे। पशु बेचने के बाद दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान तरौरा नहर के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने पिता-पुत्र को रोक लिया और कथित तौर पर लूटपाट का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली लक्ष्मण राय की गर्दन में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक गोली उनके पुत्र मिथलेश के पैर में लगी और वह घायल हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही महुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घायल मिथलेश को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेजा गया है। वहीं, महुआ एसडीपीओ भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेते हुए जांच-पड़ताल की।
पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और क्या बदमाशों ने लूट के इरादे से ही पिता-पुत्र को निशाना बनाया था।
दिनदहाड़े गोलीबारी से इलाके में दहशत
दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, बदमाशों के बढ़ते मनोबल को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए मामले की छानबीन कर रही है।