Bihar Crime News: वैशाली के लालगंज थाना क्षेत्र स्थित लगड़ीपाकड़ सब्जी मंडी में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं से परेशान लोगों को गुरुवार को बड़ी राहत मिली, जब एक शातिर चोर को चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। हाल के दिनों में बढ़ती चोरी की वारदातों से दुकानदारों और ग्राहकों में दहशत का माहौल था।
लगातार हो रही घटनाओं के कारण मंडी के लोग पहले से ही सतर्क थे और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। गुरुवार को आरोपी अपने गिरोह के साथ मंडी पहुंचा और एक बाइक का लॉक तोड़ने की कोशिश करने लगा। तभी मंडी के एक व्यक्ति की नजर उस पर पड़ी और शोर मचाने पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया।
चोर के पकड़े जाने के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों द्वारा उसकी हल्की पिटाई की भी सूचना है। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।पकड़े गए आरोपी की पहचान सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के विक्रमपुर निवासी दीपू कुमार सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह पहले भी इसी मंडी से बाइक चोरी कर चुका है और चोरी की गाड़ियों को मुजफ्फरपुर में बेचता था।
बताया जा रहा है कि मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरों में पहले की घटनाओं में भी वही आरोपी कैद हुआ था, जिसके आधार पर लोग पहले से ही उस पर नजर रखे हुए थे। गुरुवार को दोबारा उसके मंडी में आते ही लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।आरोपी ने यह भी बताया कि वह अपने साथी सुमित सिंह के साथ हरियाणा नंबर की वैगनआर कार से मंडी आता था। हालांकि इस बार उसका साथी मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने राहत की सांस ली है।