VAISHALI: वैशाली के चर्चित डबल मर्डर केस में पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। कल इश्तेहार चिपकाया गया और आज बुलडोजर व भारी पुलिस बल के साथ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई।
मामला वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के राजासन गांव का है, जहां रास्ते और जमीन के विवाद में सेना के जवान जितेंद्र कुमार और उनके बुजुर्ग पिता मुनारिक राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। मुख्य आरोपी पहले ही पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार हो चुका है, लेकिन अन्य आरोपी लगातार फरार हैं।
न्यायालय के आदेश पर शनिवार को बिदुपुर पुलिस भारी पुलिस बल और बुलडोजर के साथ आरोपियों के घर पहुंची। पुलिस ने घर की तलाशी लेकर दरवाजे, खिड़कियां, चौखट समेत अंदर रखा पलंग, बर्तन, अनाज और अन्य सामान कुर्क कर जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और पूरे इलाके में हड़कंप का माहौल दिखा।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अगर उन्होंने जल्द आत्मसमर्पण नहीं किया तो आगे भी कानूनी कार्रवाई और तेज होगी। वैशाली पुलिस के इस सख्त एक्शन को अपराधियों के खिलाफ बड़ा संदेश माना जा रहा है।