Bihar Crime News:  वैशाली में हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक मामा ने अपने ही भांजे की जमीन के लिए हत्या कर दी। हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने करीब एक सप्ताह तक भांजे के शव को घर में छिपाए रखा लेकिन आखिरकार लोगों को इसकी भनक लग गई। घटना सराय थाना क्षेत्र के मझौली मोहम्मदपुर बुजुर्ग गांव की है।


मृतक की पहचान मझौली मोहम्मदपुर बुजुर्ग गांव निवासी स्वर्गीय आलउद्दीन खान के 25 वर्षीय बेटे नासिर खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक युवक नासिर खान और उसके मामा कलीम खान के बीच जमीन के लिए बराबर झगड़ा होता रहता था। आशंका जताई जा रही है कि जमीनी विवाद में ही मामा ने भाजें की हत्या कर दी होगी और शव को कमरे में बंद कर रखा था।


आसपास के लोगों को इसकी भनक तब लगी जब शव से तेज दुर्गंध आने लगी। स्थानीय लोगों कि शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और घर की तलाशी शुरू की। जैसे ही पुलिस ने बंद कमरे का दरवाजा खोलवाया, उसके अंदर युवक का क्षत विक्षत शव देखकर दंग गई। एफएसाएल की टीम ने साक्ष्य इकट्ठा किए और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


पुलिस ने आरोपी मामा को गिरफ्तार कर लिया है और उसे अपने साथ थाने ले गई है। सराय थानाध्यक्ष ने बताया कि सूचना मिला था कि मझौली मोहम्मदपुर बुजुर्ग गांव में एक युवक का शव घर में है। पुलिस मौके पर पहुंची तो घर में सड़ा-गला शव बरामद किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों का पता चल सकेगा।