PATNA: पटना में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान उपद्रव मचाने के आऱोप में गिरफ्तार किये गये प्रदर्शनकारियों को रिहा कराने के लिए दो वकील नशे में धुत्त होकर जज के सामने हाजिर हो गये। आंदोलनकारियों की पैरवी करने कोर्ट पहुंचे दो युवा अधिवक्ताओं को शराब के नशे में पाए जाने के बाद पुलिस ने हिरासत में ले लिया। घटना ने न केवल न्यायिक परिसर में हलचल मचा दी, बल्कि शराबबंदी कानून के पालन को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
कोतवाली थाना पुलिस ने दोनों अधिवक्ताओं को छज्जूबाग स्थित जज आवास परिसर से हिरासत में लिया। उनकी पहचान आकाश केशव और वर्ती कुमार के रूप में हुई है। दोनों को फिलहाल कोतवाली थाना में रखा गया है। मामले की पुष्टि कोतवाली थानाध्यक्ष अजय कुमार ने की है।
छात्रों की पैरवी करने पहुंचे थे दोनों अधिवक्ता
जानकारी के अनुसार, शनिवार को छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और हंगामे के बाद पुलिस ने कई छात्रों को अलग-अलग थाना क्षेत्रों से हिरासत में लिया था। इनमें कुछ छात्रों को पीआर बॉन्ड पर रिहा कर दिया गया, जबकि हिंसक घटनाओं में शामिल बताए गए आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया। जेल भेजे जाने से पहले उन्हें कोर्ट के सामने पेश किया गया. चूंकि मामला रात का था लिहाजा उन्हें पटना के सीजेएम के आवास पर पेश किया गया. वहीं, प्रदर्शनकारियों की पैरवी और उन्हें जमानत पर रिहा करने के लिए दो वकील पेश हुए।
बहस शुरू होते ही खुल गई पोल
बताया जा रहा है कि मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) के सामने सुनवाई के दौरान दोनों अधिवक्ताओं ने बहस शुरू की। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों को वकीलों के मुंह से शराब की तेज दुर्गंध महसूस हुई। इसके बाद मामले की जानकारी सीजेएम को दी गई। न्यायालय के निर्देश पर दोनों की अल्कोहल जांच कराई गई।
जांच के बाद पुलिस ने लिया हिरासत में
पुलिस का दावा है कि अल्कोहल जांच में दोनों वकीलों के शराब पीने की पुष्टि हो गई. इसके बाद दोनों अधिवक्ताओं को तत्काल हिरासत में ले लिया गया। इसके बाद उन्हें कोतवाली थाना लाया गया, जहां उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
शराबबंदी कानून के तहत केस दर्ज
कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, दोनों अधिवक्ताओं के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है।
न्यायिक परिसर की घटना से मचा हड़कंप
पटना न्यायिक परिसर में हुई इस घटना ने वकीलों और न्यायिक अधिकारियों के बीच भी चर्चा तेज कर दी है। जिस अदालत में कानून की व्याख्या होती है, वहीं शराब के नशे में अधिवक्ताओं के पहुंचने का मामला सामने आने से यह घटना पूरे न्यायिक तंत्र में चर्चा का विषय बन गई है। पुलिस ने शराब सेवन का आरोप लगाया है और मामला दर्ज किया है।