Bihar SVU Raid: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई की है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में गोपालगंज की अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) डॉ. प्रेरणा सिंह और उनके पति रितेश कुमार के खिलाफ पटना, रोहतास और गोपालगंज में एक साथ छापेमारी की गई। रितेश कुमार पटना के नई राजधानी अवर पथ प्रमंडल-2 में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत हैं।



विशेष निगरानी इकाई के अनुसार, विश्वसनीय सूचना और प्रारंभिक जांच के बाद दोनों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है। इस संबंध में SVU थाना कांड संख्या 29/2026, दिनांक 23 नवंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।



प्रारंभिक सत्यापन में सामने आया कि सरकारी सेवा में आने के बाद रितेश कुमार और उनकी पत्नी डॉ. प्रेरणा सिंह ने पटना, हाजीपुर, मढ़ौरा समेत अन्य स्थानों पर तैनाती के दौरान कथित तौर पर अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित की। जांच के दौरान दोनों के नाम पर कुल 2 करोड़ 82 लाख 65 हजार रुपये की अचल संपत्ति का पता चला।



जांच में सामने आई संपत्तियों में दानापुर के चंद्रशेखर नगर में रितेश कुमार के नाम पर 4.5 डिसमिल आवासीय जमीन शामिल है, जिसकी कीमत 36.74 लाख रुपये बताई गई है। वहीं, उनकी पत्नी के नाम पर रोहतास जिले के नीमा में 16 डिसमिल जमीन (1.90 लाख रुपये) और दानापुर के सहजादपुर में 5.6 डिसमिल जमीन (43.71 लाख रुपये) मिली है।



इसके अलावा दानापुर की साउथ ऑफ मिथिला कॉलोनी स्थित सात्विका गैलेक्सी टावर में फ्लैट नंबर 703 भी मिला है। इसकी कीमत 40.30 लाख रुपये बताई गई है। वहीं, चंद्रशेखर नगर, दानापुर में 8100 वर्गफीट जमीन पर बने G+4 मकान की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 60 लाख रुपये आंकी गई है।



SVU की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, दोनों के पास उनकी ज्ञात वैध आय के स्रोतों से करीब 84 प्रतिशत अधिक यानी 1 करोड़ 98 लाख 28 हजार 175 रुपये की अनुपातहीन संपत्ति पाई गई है। इसी आधार पर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।



जांच में यह भी पता चला कि रितेश कुमार और उनकी पत्नी के भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और यूनियन बैंक में कुल 10 बैंक खाते हैं। इनमें सावधि जमा समेत करीब 39.40 लाख रुपये की राशि जमा है। इसके अलावा अन्य वित्तीय संस्थानों में लगभग 16.88 लाख रुपये का निवेश भी सामने आया है।



दोनों के नाम पर हुंडई क्रेटा और होंडा एक्टिवा स्कूटी भी पंजीकृत मिली हैं। इसके अतिरिक्त एक स्कॉर्पियो गाड़ी भी पाई गई है। जांच एजेंसी के अनुसार, इस गाड़ी पर SDM Gopalganj का बोर्ड लगा हुआ था और इसे बेनामी संपत्ति बताया गया है।



प्राथमिकी दर्ज होने के बाद निगरानी की विशेष अदालत, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त कर 24 नवंबर 2026 को SVU की अलग-अलग टीमों ने सात आवासीय परिसरों और कार्यालयों में एक साथ छापेमारी की। इनमें पटना के दानापुर स्थित विवेक विहार कॉलोनी में आवासीय परिसर, नई कैपिटल रोड स्थित सहायक अभियंता का कार्यालय, गोपालगंज में SDM का सरकारी आवास और कार्यालय शामिल हैं।



इसके अलावा पटना के बिक्रमगंज स्थित आर्य नगर में पैतृक आवास, रोहतास के डेहरी थाना क्षेत्र के गोसालडीह में पैतृक आवास और पटना के राजेंद्र पथ स्थित जनकपुरी अपार्टमेंट का फ्लैट नंबर 102 भी तलाशी के दायरे में रहा।



जमीन और सोने के सिक्कों के दस्तावेज

तलाशी अभियान के दौरान SVU की टीम को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं। इनमें झारखंड के धनबाद में एक फ्लैट की खरीद से संबंधित कागजात शामिल हैं। इसके अलावा दानापुर में रितेश कुमार की मां विद्यावती देवी के नाम पर 10 डिसमिल जमीन की खरीद से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं।



जांच टीम को 5 नवंबर 2026 को अलंकार ज्वेलर्स से 9 लाख रुपये में 10 ग्राम के छह सोने के सिक्के खरीदने की रसीद भी मिली है। इसके साथ ही भारतीय स्टेट बैंक और पंजाब नेशनल बैंक में 10 लाख रुपये की सावधि जमा से संबंधित दस्तावेज बरामद हुए हैं।



पटना के आनंदपुरी स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में दो लॉकर होने की जानकारी भी सामने आई है। वहीं, बेनामी बताई जा रही स्कॉर्पियो गाड़ी से संबंधित कागजात और हाजीपुर के ASDM का बोर्ड भी जांच टीम को मिला है।



विशेष निगरानी इकाई के अनुसार, तलाशी के दौरान मिले फ्लैट, जमीन, बैंक जमा और सोने के सिक्कों से संबंधित दस्तावेजों से दोनों की संपत्ति की जांच को और आगे बढ़ाया जाएगा। बैंक लॉकरों के नियमानुसार संचालन के बाद उनमें रखी संपत्ति और परिवार के अन्य सदस्यों के नाम पर अर्जित चल-अचल संपत्ति से जुड़े दस्तावेज मिलने की भी संभावना है। SVU ने स्पष्ट किया है कि सभी स्थानों पर तलाशी अभियान पूरा होने के बाद अंतिम निष्कर्ष से अवगत कराया जाएगा। फिलहाल मामले में जांच और छापेमारी की कार्रवाई जारी है।