Bihar Crime News: बिहार के सुपौल जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र के बेलागंज वार्ड -15 स्थित SH-91 के समीप सोमवार को दिनदहाड़े हुए अपहरण कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अपहृत जीशान खान को सकुशल अररिया जिले के फुलकाहा थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया है। वहीं, घटना में संलिप्त एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है और अपहरण में इस्तेमाल चारपहिया वाहन भी बरामद किया गया है।
बीती देर रात सुपौल एसपी शरथ आर. एस. ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। एसपी ने बताया कि छातापुर थाना क्षेत्र के महदीपुर निवासी जीशान खान,पिता खुर्शीद खान का चारपहिया वाहन सवार अपराधियों ने बेलागंज वार्ड-15 के समीप से अपहरण कर लिया था। घटना के दौरान दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग भी की गई थी। घटना की सूचना मिलते ही भीमपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए त्रिवेणीगंज एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। SIT को तीन से चार अलग-अलग छापामारी दलों में बांटकर संदिग्ध अपराधियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी के निर्देश दिए गए। पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी इनपुट के आधार पर अपराधियों की पहचान की। इसके बाद अररिया पुलिस और STF की टीम के सहयोग से जीशान खान को सकुशल अररिया जिले के फुलकाहा थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चारपहिया वाहन को जब्त करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि जीशान खान और आरोपियों के बीच कथित तौर पर अवैध कारोबार में रुपये-पैसे के लेन-देन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के क्रम में अपहरण की घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान भी कर लेने का दावा किया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में दिखाई देता है कि एक चारपहिया वाहन सवार बदमाश बाइक से जा रहे युवक को टक्कर मारते हैं। युवक के सड़क पर गिरते ही उसे जबरन कार में बैठाकर वहां से फरार हो जाते हैं। वीडियो को आरजेडी ने अपने फेसबुक पर शेयर भी किया था जिसके बाद बिहार की राजनीति गलियारे में भी इस घटना की चर्चाएं जोरों पर थी।
बता दें कि घटना के दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बदमाशों को रोकने और खदेड़ने की कोशिश की। इसी दौरान कथित तौर पर फायरिंग की गई। वायरल वीडियो में भीड़ और अफरातफरी के बीच गोली चलने जैसी आवाज सुनाई देती है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद अपहृत जीशान खान के सकुशल बरामद होने से उसके परिजनों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।