Bihar Crime News: बिहार के सुपौल से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पिपरा थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक को सीने में गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। युवक के सीने में गोली लगने से वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।



घायल युवक की पहचान सुपौल सदर थाना क्षेत्र के गौरगढ़ वार्ड 5 निवासी भूमि यादव के 20 वर्षीय पुत्र रंजीत कुमार यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रंजीत सोमवार की शाम अपने मामा के घर रतौली पंचायत के झड़कहा गांव गया था। मंगलवार सुबह वह मामा के घर लौट रहा था। इसी दौरान झड़कहा नहर के समीप पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। 



एक गोली सीधे उसके सीने में जा लगी,जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे पिपरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया। 



बाद में परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए उसे शहर के अनंत प्रेरणा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। 



फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। सदर डीएसपी राजीव रंजन ने निजी अस्पताल पहुंचकर घायल युवक का हालचाल लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और मामले का उद्भेदन किया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।