Vigilance Action in Bihar: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी का एक्शन जारी है। एक के बाद एक एक्शन के बावजूद भ्रष्ट अधिकारी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। निगरानी की टीम ने सुपौल में बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी की टीम ने डीटीओ ऑफिस के डाटा एंट्री ऑपरेटर को 15 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।



दरअसल, कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला परिवहन कार्यालय में गुरुवार को विजिलेंस इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (VIB),पटना की टीम ने कार्रवाई करते हुए परिवहन विभाग के डाटा ऑपरेटर नंदलाल कुमार को कथित तौर पर 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद जिला परिवहन कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। 



जानकारी के अनुसार, ललितग्राम थाना क्षेत्र के मधुबनी निवासी अजहर अली ने कथित रूप से रिश्वत मांगे जाने की शिकायत विजिलेंस इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो से की थी। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो की टीम ने मामले की जांच की और शिकायत की पुष्टि के बाद कार्रवाई की योजना बनाई। 



गुरुवार को पटना से पहुंची विजिलेंस की नौ सदस्यीय टीम ने जिला परिवहन कार्यालय में निर्धारित योजना के तहत कार्रवाई की। इस दौरान डाटा ऑपरेटर नंदलाल कुमार को कथित तौर पर 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया गया। 



गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम आरोपी डाटा ऑपरेटर को अपने साथ लेकर आगे की कार्रवाई के लिए रवाना हो गई। कार्रवाई की जानकारी देते हुए डीएसपी विद्याचल प्रसाद ने बताया कि शिकायत के आधार पर टीम ने कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि मामले में निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।



बताया जा रहा है कि शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की निगरानी की और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद कार्रवाई को अंजाम दिया। जिला परिवहन कार्यालय में विजिलेंस की कार्रवाई के बाद विभागीय कर्मियों के बीच भी चर्चा का माहौल बना रहा। फिलहाल,गिरफ्तार डाटा ऑपरेटर से पूछताछ और मामले की आगे की जांच विजिलेंस ब्यूरो की ओर से की जा रही है।