Bihar Crime News: बिहार के सुपौल से सोमवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र के गौरवगढ़ स्थित शानवी पब्लिक स्कूल के हॉस्टल में पहली कक्षा के आठ वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र हॉस्टल की छत पर फंदे से लटका मिला। 



घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। मृतक छात्र की पहचान मरौना थाना क्षेत्र के परिकोच निवासी शिव शंकर यादव के आठ वर्षीय पुत्र प्रियांशु कुमार के रूप में हुई है। वह शानवी पब्लिक स्कूल में पहली कक्षा का छात्र था और स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था।



बताया जा रहा है कि स्कूल कर्मियों को हॉस्टल की छत पर प्रियांशु के फंदे से लटके होने की जानकारी बीती देर रात मिली। इसके बाद कर्मियों ने आनन-फानन में उसे फंदे से नीचे उतारा। उस समय उसकी सांसें चल रही थीं। गंभीर हालत में छात्र को इलाज के लिए सुपौल के एक निजी अस्पताल ले जाया गया,लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। छात्र की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद स्कूल और हॉस्टल की व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं।



मृतक के परिजनों ने छात्र की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार किया है। परिजनों का आरोप है कि प्रियांशु के चेहरे पर चोट के कई निशान हैं। मृतक के पिता शिव शंकर यादव ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या करने के बाद उसे फंदे से लटका दिया गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।



इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद सुपौल एसपी सरथ आरएस भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। एसपी ने कहा कि घटना की जांच सभी संभावित एंगल से की जा रही है। वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच होगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आठ वर्षीय छात्र की मौत हत्या है या आत्महत्या,यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।