SUPAUL: सुपौल जिले में अपराध नियंत्रण एवं अवैध हथियारों की तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से सुपौल एसपी शरथ आर एस के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान में सुपौल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अभियान के दौरान पुलिस ने अंतरजिला स्तर पर सक्रिय दो बड़े हथियार तस्कर गिरोहों का खुलासा करते हुए कई आरोपितों को गिरफ्तार किया है तथा भारी मात्रा में अवैध हथियार और अन्य सामान बरामद किए हैं। इसकी विस्तृत जानकारी सुपौल एसपी शरथ आर एस ने आज दोपहर अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित कर दी है।


एसपी ने बताया कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गठित विशेष पुलिस टीम द्वारा लगातार छापेमारी की गई। इसी क्रम में 14 अप्रैल को किशनपुर थाना क्षेत्र के तुलापट्टी वार्ड 2 में छापेमारी कर पुलिस ने एक पिस्तौल,एक मैगजीन,एक जिंदा कारतूस,एक चारपहिया वाहन और चार मोटरसाइकिल बरामद करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया।


इसके बाद 19 अप्रैल को सुपौल थाना क्षेत्र स्थित डिग्री कॉलेज के समीप एक मकान में छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन पिस्तौल, छह मैगजीन,दो मोबाइल फोन और दो लाख आठ हजार रुपये कैश बरामद किए। इस दौरान अंतरजिला हथियार तस्कर गिरोह के सरगना अरविंद यादव को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार अरविंद भागलपुर से गिरोह संचालित करता था।


इसी दिन 19 अप्रैल को ही पिपरा थाना क्षेत्र के दीनापट्टी वार्ड संख्या-14 में भी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक पिस्तौल,तीन मैगजीन, चार जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया तथा तीन हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया।


वहीं 24 अप्रैल को राघोपुर थाना क्षेत्र के हुलास नहर पुल के समीप पुलिस ने छापेमारी कर एक देशी कट्टा,दो जिंदा गोलियां, पांच अर्द्धनिर्मित देशी पिस्तौल, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए। इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।


एसपी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान भागलपुर से संचालित एक बड़े हथियार तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। गिरोह के सरगना अरविंद यादव के अलावा उसके तीन सहयोगी उपेंद्र मंडल,मुकेश कुमार और मनीष कुमार को भी सुपौल और पिपरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।


इसके अलावा खगड़िया और मुंगेर से अवैध हथियार लाकर सुपौल में सप्लाई करने वाले दूसरे गिरोह के दो सदस्य शहंशाह और क्यामुल को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों राघोपुर के निवासी बताए जा रहे हैं और लंबे समय से हथियारों की खरीद-बिक्री में संलिप्त थे। किशनपुर थाना क्षेत्र में हुई बरामदगी के मामले में राघोपुर निवासी रूपम कुमार, प्रभास कुमार, हर्ष कुमार और विकास कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।


एसपी ने कहा कि बरामद हथियारों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज, आपराधिक नेटवर्क तथा गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों की भी पहचान की गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सुपौल पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


बता दें कि अब तक सुपौल पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी मामले में कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया है जिसमें जिले के करजाइन थाना क्षेत्र के फकीरना मोतीपुर निवासी सिनियर यादव के पुत्र रूपम कुमार, राघोपुर थाना क्षेत्र के चिकनापट्टी निवासी पृथ्वी यादव के पुत्र प्रभाष कुमार, सिमराही निवासी सतीश कुमार के पुत्र हर्ष कुमार, राघोपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी योगेन्द्र यादव के पुत्र विकास कुमार, भागलपुर जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर नवटोलिया निवासी स्व बीकु प्रसाद यादव के पुत्र अरविंद यादव, जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के दिनापट्टी निवासी राजेश्वर प्रसाद के पुत्र उपेन्द्र मंडल, जोल्हनियां निवासी राजदेव साह के पुत्र मुकेश कुमार, कटैया निवासी सुदीश यादव के पुत्र मनीष कुमार, राघोपुर थाना क्षेत्र के हरीपुर निवासी नसरुद्दीन के पुत्र शहंशाह और हुलास चकला वार्ड 12 निवासी अब्दुल हनान के पुत्र मोहम्मद क्यामुल शामिल है और पुलिस ने इस सबके पास से कुल मिलाकर अब तक 5 पिस्तौल,2 देशी कट्टा,5 अर्द्धनिर्मित पिस्टल,10 मैग्जीन,7जिन्दा कारतूस,1 खोखा,4 मोबाईल,5 मोटरसाईकिल,1 चार चक्का वाहन और नगद राशि 2 लाख 8 हजार रूपया पुलिस ने बरामद किया है।

सुपौल से संत सरोज की रिपोर्ट