Bihar Crime News: भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रक्सौल से एक विदेशी नागरिक की गिरफ्तारी का मामला सामने आया है। हरैया थाना क्षेत्र के कस्टम चौक के पास एक सोमालिया नागरिक को अवैध रूप से भारत में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मोहम्मद अहमद फराह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मेडिकल वीजा पर भारत आया था और हैदराबाद में रह रहा था। जांच में पता चला कि उसका वीजा करीब चार महीने पहले ही समाप्त हो चुका था।
वीजा अवधि खत्म होने के बावजूद वह भारत में रह रहा था और नेपाल के रास्ते देश से बाहर जाने की कोशिश कर रहा था। आव्रजन कार्यालय की टीम ने संदेह के आधार पर जांच के दौरान उसे पकड़ा और आगे की कार्रवाई के लिए हरैया थाना पुलिस को सौंप दिया।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए भेज दिया गया है। मामले की पुष्टि एडीपीओ मनीष आनंद ने की है।
रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी