Bihar Crime News: बिहार के सीवान में स्कूल पढ़ने आई दो बहनों को जबरन कार में बैठाकर ले जाने और चलती गाड़ी में एक लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है. घटना महादेवा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, दोनों बहनों को बाद में सड़क किनारे एक खेत में छोड़ दिया गया, जहां स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया.



पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के अनुसार, शनिवार को दोनों बहनें पढ़ाई के लिए हाईस्कूल पहुंची थीं. इसी दौरान स्कूल के मुख्य गेट के पास एक स्कॉर्पियो आकर रुकी. आरोप है कि उसमें सवार लोगों ने दोनों बहनों को जबरन गाड़ी में बैठा लिया और वहां से लेकर चले गए. 



पीड़िता की शिकायत के अनुसार, गाड़ी में उसके साथ जबरदस्ती की गई. घटना के दौरान दोनों बहनों के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप है. इसके बाद दोनों को सड़क किनारे एक खेत में छोड़ दिया गया.



पीड़िता की छोटी बहन के अनुसार, गाड़ी में बैठाए जाने के बाद उसे काफी देर तक कुछ पता नहीं चला. रविवार सुबह जब उसे खेत में होश आया तो उसने खुद को वहां पाया. इसके बाद उसने आसपास मौजूद लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी. स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद 112 की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस दोनों बहनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया.



अस्पताल में इलाज कर रहे डॉक्टरों के अनुसार, एक लड़की के साथ मारपीट और जबरदस्ती किए जाने के कारण उसे चोट आई थी. चिकित्सकों ने उसका इलाज किया और आवश्यक टांके लगाए. फिलहाल दोनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.



घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि वह आरोपितों में से किसी को नहीं पहचानती है. पुलिस अब स्कूल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान करने की कोशिश कर रही है.



पुलिस पीड़िताओं के बयान के आधार पर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. साथ ही घटना में इस्तेमाल वाहन और आरोपितों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.