SIWAN: सीवान में बुधवार की शाम रोड रेज की एक सनसनीखेज घटना ने पूरे शहर को दहला कर रख दिया है। नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर आंदर ढाला ओवरब्रिज के पास मामूली सड़क विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें भाजपा नेता मनोज कुमार सिंह के भगीना हर्ष कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उनके बहनोई चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।


मिली जानकारी के मुताबिक, चंदन सिंह अपने पुत्र हर्ष कुमार सिंह के साथ तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में वे परिवार के अन्य सदस्यों का इंतजार कर रहे थे, तभी उनकी कार की दूसरी गाड़ी से हल्की टक्कर हो गई। मामूली कहासुनी कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में बदल गई और आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।


इस गोलीबारी में हर्ष कुमार सिंह को कई गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चंदन Singh गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें पीएमसीएच पटना रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही एसपी, एसडीपीओ समेत नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस वारदात ने एक बार फिर सीवान की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां मामूली सड़क विवाद भी जानलेवा साबित हो रहे हैं.