Siwan police encounter: बड़ी खबर बिहार के सीवान से आ रही है, जहां एक बार फिर से पुलिस एनकाउंटर हुआ है। पुलिस ने 20 लाख के आभूषण लूट के आरोपी को दौड़ाकर गोली मारी है। सोमवार की सुबह हुई एनकाउंटर की घटना से हड़कंप मच गया है। एनकाउंटर में जामापुर ज्वेलरी लूटकांड के एक आरोपी को गोली लग गई है।


घायल आरोपी की पहचान सिसवन थाना क्षेत्र के चांदपुर घुरघाट निवासी श्रीनिवास सिंह के 26 वर्षीय बेटे अंकित कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस की गोली उसके दोनों घुटनों को आर-पार कर गई। हालांकि पूरे मामले पर सीवान पुलिस फिलहाल कुछ भी बोलने से बच रही है।


घायल अंकित को सुबह करीब तीन बजे सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि युवक के दोनों घुटनों में गोली लगी थी, लेकिन उसकी हालत सामान्य थी। डॉक्टर के अनुसार उसका इलाज सीवान में भी संभव था, बावजूद इसके पुलिस ने उसे पटना रेफर कराया।


बताया जा रहा है कि अंकित कुमार सिंह 6 मई को जीरादेई थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार स्थित ओम साई ज्वेलरी शॉप में हुई करीब 20 लाख रुपये की लूटकांड में शामिल था। इस घटना में पांच बदमाशों ने दिनदहाड़े दुकान में घुसकर सोना-चांदी के गहने और नकदी लूट ली थी।


लूट के बाद अपराधियों ने करीब 10 राउंड फायरिंग की और भागने लगे। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने एक बदमाश को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। गुस्साई भीड़ ने उसकी बाइक में भी आग लगा दी थी। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। बताया गया कि घटनास्थल से करीब 500 मीटर की दूरी पर पहले से पुलिस कैंप कर रही थी।


बता दें कि सम्राट सरकार बनने के बाद यह 33 दिनों में छठा एनकाउंटर बताया जा रहा है। 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी बिहार के मुख्यमंत्री बने थे। अब तक हुए छह एनकाउंटर में दो फुल और चार हाफ एनकाउंटर शामिल हैं।