SIWAN: सीवान में आपसी विवाद के बाद दो पक्षों के बीच जमकर गोलीबारी हुई है। फायरिंग की इस घटना में तीन लोगों को गोली लगी है जबकि मारपीट में भी तीन लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दरअसल, सीवान शहर के अड्डा नंबर तीन के पास दो दिन पहले ठेला पर फल बेचने को लेकर विवाद हुआ था। एक पक्ष नया बाजार का रहने वाला है तो दूसरा चकिया गांव के निवासी हैं। विवाद के बाद एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष का ठेला तोड़ दिया था और फल को जमीन पर फेंक दिया था।
इसी विवाद ने रविवार को खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। करीब 6 दर्जन से अधिक लोग हथियारों और लाठी डंडे से लैस होकर नया बाजार मोहल्ले में घुसे और हमला बोल दिया। इस दौरान फायरिंग में मो.राज, मो.सरफराज और सरिक मियां को गोली लग गई जबकि मारपीट में तीन लोगों का सिर फट गया।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना और महादेवा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सभी का इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।