SIWAN : सीवान में आपसी रंजिश को लेकर एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना महाराजगंज थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार स्थित नोनियाडीह की है। यहां आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जनकर चाकूबाजी हुई। चाकूबाजी की इस घटना में एक युवक की मौत हो गई जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले के छानबीन में जुट गई है।
मृतक शख्स की पहचान पुरानी बाजार नोनियाडीह निवासी ओमप्रकाश पटवा के 27 वर्षीय बेटे धर्मेंद्र पटवा के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि ओमप्रकाश पटवा तथा मुन्ना पटवा के बीच बुधवार की रात पानी बहाने को लेकर कहासूनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। जिसके बाद दोनों पक्ष के लोगों ने एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। इसी बीच एक मुन्ना पटवा के परिजनों ने ओमप्रकाश पटवा के परिजनों पर चाकू से वार कर दिया।
चाकूबाजी की इस घटना में गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र पटवा की मौत स्थानीय पीएचसी में इलाज के दौरान हो गई जबकि दोनों पक्ष के 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए गोरखपुर रेफर किया गया है। इधर, वारदात की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।