Bihar Crime News: बिहार के सीवान जिले में मंगलवार को दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में लूट की कोशिश के दौरान अपराधियों ने दुकानदार को गोली मार दी. घटना दरौली थाना क्षेत्र के टड़वा बाजार स्थित टड़वा चट्टी की है. वारदात के बाद अपराधियों ने बाजार में फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की. हालांकि, स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए दो आरोपितों को पकड़ लिया और उन्हें एक दुकान में बंद कर दिया.
घायल दुकानदार की पहचान टड़वा चट्टी गांव निवासी 42 वर्षीय दिनेश वर्मा के रूप में हुई है. गोली लगने के बाद उन्हें इलाज के लिए दरौली पीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए देवरिया रेफर कर दिया.
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को तीन बाइक पर सवार छह अपराधी टड़वा चट्टी स्थित नीरज आभूषण दुकान पर पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि सभी बदमाश हथियारों से लैस थे. दुकान में घुसते ही उन्होंने दुकानदार को हथियार का भय दिखाकर लूटपाट करने की धमकी दी.
दुकानदार दिनेश वर्मा ने जब अपराधियों का विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी. गोली लगने के बाद दिनेश वर्मा गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े.
घटना के बाद अपराधियों ने लोगों में दहशत फैलाने के लिए बाजार में भी फायरिंग की. इसके बावजूद स्थानीय दुकानदार और ग्रामीण पीछे नहीं हटे. लोगों ने बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया. इसी दौरान दो अपराधी ग्रामीणों और दुकानदारों के हत्थे चढ़ गए. दोनों आरोपितों को पकड़ने के बाद आक्रोशित लोगों ने उनकी पिटाई कर दी. बाद में दोनों को पास की एक दुकान में बंद कर दिया गया. इस दौरान गिरोह के बाकी सदस्य मौके से फरार होने में सफल रहे.
घटना की सूचना मिलते ही दरौली और गुठनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता, दरौली थानाध्यक्ष अभिनव कुमार दुबे, गुठनी थानाध्यक्ष सुनील कुमार, एएसआई अमरेश कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल को बाजार में तैनात किया गया. पुलिस ने ग्रामीणों के कब्जे से दोनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया. ग्रामीणों की पिटाई में घायल दोनों आरोपितों का भी इलाज कराया जा रहा है.
गोली लगने से घायल दिनेश वर्मा को स्थानीय लोगों की मदद से दरौली पीएचसी पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए देवरिया रेफर कर दिया. एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि दो अपराधियों को पकड़ लिया गया है. घायल दुकानदार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देवरिया भेजा गया है.
पुलिस के अनुसार, ज्वेलरी दुकान से कितने आभूषण या अन्य सामान की लूट हुई है, इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस दुकान संचालक से जानकारी लेने के साथ ही घटनास्थल की जांच कर रही है. फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. घटना के बाद टड़वा बाजार में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती की गई है.
सीवान से फैयाज़ अली की रिपोर्ट..