Bihar Crime News: बिहार के सीवान जिले में अपराधियों ने एक बार फिर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। दारौंदा थाना क्षेत्र के डिब्बी-जलालपुर मार्ग पर शुक्रवार की शाम दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने आभूषण कारोबारी से करीब 20 लाख रुपये के गहने और नकदी लूट ली। विरोध करने पर अपराधियों ने कारोबारी को पिस्टल के बट से मारकर घायल कर दिया। वारदात के दौरान दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने कई राउंड हवाई फायरिंग भी की।



घायल कारोबारी की पहचान शिवजी प्रसाद के पुत्र रत्नेश कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रत्नेश कुमार डीबी बाजार स्थित अपनी दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से जलालपुर स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डिब्बी-जलालपुर मार्ग के बीच दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया।



इसके बाद अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर उनके पास मौजूद नकदी और आभूषण लूटने शुरू कर दिए। रत्नेश कुमार ने जब लूट का विरोध किया, तो बदमाशों ने पिस्टल के बट से उन पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी डिब्बी बाजार की ओर फरार हो गए।



घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर दारौंदा थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना भेजे जाने तक पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची थी।



डिब्बी और आसपास के बाजार क्षेत्र में इससे पहले भी लूट की बड़ी घटना हो चुकी है। वर्ष 2022 में डिब्बी-चनचौरा बाजार स्थित स्वर्ण व्यवसायी शिवकुमार साह की दुकान पर छह अपराधियों ने धावा बोलकर करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति लूट ली थी। उस दौरान अपराधियों ने बमबारी और तीन राउंड फायरिंग कर बाजार में दहशत फैला दी थी। अपराधियों को पकड़ने का प्रयास करने वाले दो युवक भी घायल हो गए थे। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय कारोबारियों और लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।