Bihar Crime News: बिहार एसटीएफ की टीम ने एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। गिरफ्त में आए बदमाश के ऊपर सरकार ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। हत्या के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था लेकिन आखिरकर पुलिस की गिरफ्त में आ ही गया।
दरअसल, बिहार एसटीएफ की टीम ने सीवान में छापेमारी कर जिले के टॉप टेन बदमाशों में शुमार 25 हजार के इनामी अपराधी दीपक यादव उर्फ पप्पू यादव को अरेस्ट किया है। बिहार एसटीएफ की टीम ने सीवान पुलिस की मदद से मैरवां थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पप्पू यादव को धर दबोचा।
गिरफ्तार अपराधी दीपक उर्फ पप्पू यादव मैरवा थाना क्षेत्र के फूलवरिया का रहने वाला है। जमीनी विवाद में अपराधी ने रवि यादव नामक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद से यह फरार चल रहा था। जिसको पकड़ने के लिए पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। इसके खिलाफ हत्या के दो मामले दर्ज हैं।