Bihar Crime News: बिहार के सीतामढ़ी सुरसंड थाना क्षेत्र के जवाही गांव में मंगलवार तड़के अपराधियों ने 32 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
सुबह जवाही गांव स्थित अनहरी पोखर के पास ग्रामीणों ने युवक का खून से लथपथ शव देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल सुरसंड थानाध्यक्ष लाल किशोर गुप्ता को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बाजपट्टी थाना क्षेत्र के शिवाय पट्टी गांव निवासी हजारी मंडल के 32 वर्षीय पुत्र के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में मृतक के आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़े होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि वह पूर्व में शराब से जुड़े मामले में जेल भी जा चुका था।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय इनपुट और अन्य पहलुओं से जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।