SITAMARHI: बिहार के सीतामढ़ी जिले में अपराधियों ने दिनदहाड़े हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया है। रिगा थाना क्षेत्र स्थित सेंट्रल बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र (CSP)में घुसे 3 बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर संचालक से करीब 1.70 लाख रुपये लूट लिए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सीतामढ़ी जिले के रिगा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) संचालक को निशाना बनाते हुए पिस्टल के बल पर करीब 1.70 लाख रुपये लूट लिए। यह सनसनीखेज वारदात रिगा के अनहाड़ी स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के CSP केंद्र में हुई, जहां अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने पूरी योजना के साथ घटना को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, सीएसपी संचालक राजेश्वर ठाकुर अपनी दुकान में बैठे थे। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। तीनों सीधे दुकान के अंदर घुसे और सबसे पहले शटर गिराकर बाहर से किसी के आने-जाने का रास्ता बंद कर दिया।
इसके बाद बदमाशों ने पिस्टल तानकर संचालक को धमकाया और गल्ले में रखी नकदी के साथ उनकी जेब में मौजूद रुपये भी लूट लिए। बदमाश करीब 1.70 लाख रुपये लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रिगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच
घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में पूरी वारदात कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है।
DSP बोले- जल्द होगी गिरफ्तारी
मामले पर डीएसपी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने संदिग्ध बदमाशों की पहचान कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना ने एक बार फिर इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।