SITAMARHI: बिहार में अपराधी बेलगाम हो गये हैं। यही कारण है कि एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। बेखौफ अपराधियों की करतूत ऐसी की अब वे मंदिर के पुजारी को भी नहीं छोड़ रहे हैं। मामला सीतामढ़ी का है जहां शिव मंदिर के पुजारी की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गयी है। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। 


मृतक की पहचान 50 वर्षीय उमेश दास के रुप में हुई है। जो वर्षों से शिव मंदिर के पुजारी थे। जिनकी धारदार हथियार से अपराधियों ने गला काटकर निर्मम हत्या कर दी। घटना डुमरा थाना क्षेत्र के परमानंदपुर स्थित दुल्हन पोखर के पास की है। जहां बेखौफ अपराधियों ने हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया है।


घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे सदर डीएसपी रमाकांत उपाध्याय और डुमरा थाने की पुलिस घटना के हरेक बिन्दुओं की जांच कर रहे हैं। मंदिर के पुजारी की हत्या की खबर देखते हुए देखते आग की तरह फैल गयी। जिसके बाद लोगों की भारी भीड़ मौके पर इक्ट्ठा हो गयी।


वही घटना से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस हत्या की इस घटना की जांच में जुटी है।