EOU Raid Bihar: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख मोहम्मद अफजल आलम के चार ठिकानों पर गुरुवार, 19 नवंबर 2026 को छापेमारी की गई। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में की गई। आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 33/26, दिनांक 18 नवंबर 2026 के तहत मामला दर्ज कर मुजफ्फरपुर स्थित विशेष निगरानी न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त किया गया था।
आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में बाजपट्टी और मुजफ्फरपुर स्थित चार ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इनमें अफजल आलम का पैतृक मकान, निजी मकान, बाजपट्टी प्रखंड स्थित सरकारी कार्यालय और मुजफ्फरपुर जिले के औराई प्रखंड अंतर्गत मकसूदपुर स्थित निजी आवास शामिल हैं।
जांच के दौरान मोहम्मद अफजल आलम के खिलाफ उनके ज्ञात वैध आय स्रोतों से 1,25,03,500 रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित करने के प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिले हैं। यह राशि उनकी ज्ञात आय से लगभग 259.94 प्रतिशत अधिक बताई गई है। आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार, तलाशी के दौरान बरामद दस्तावेजों की जांच जारी है और आय से अधिक संपत्ति का आंकड़ा बढ़ने की भी संभावना है।
छापेमारी के दौरान अफजल आलम के ठिकानों से 30 लाख रुपये नकद और करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न बैंकों में संचालित कुल 12 बैंक खातों और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की आठ पॉलिसियों में जमा राशि से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। जांच टीम इन दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन का सत्यापन कर रही है।
तलाशी के दौरान पिछले पांच वर्षों में अफजल आलम और उनके परिजनों के नाम पर 14 भूखंड और मकान खरीदे जाने से संबंधित दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। इनमें मुजफ्फरपुर जिले के औराई प्रखंड में तीन दोस्तों और संबंधियों के साथ मिलकर खरीदी गई 104 डिसमिल जमीन भी शामिल है। इस जमीन पर निर्माण कार्य भी कराया गया है और इसका निबंधन मूल्य करीब चार करोड़ रुपये बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद अफजल आलम दिसंबर 2021 में पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित होने के बाद बाजपट्टी के प्रखंड प्रमुख बने थे। पंचायत समिति सदस्य के रूप में उन्हें प्रतिमाह 10 हजार रुपये भत्ता मिलता है। इसी अवधि में उनके द्वारा कथित रूप से ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने के आरोपों की जांच की जा रही है।
आर्थिक अपराध इकाई ने इस मामले और लोक सेवक के रूप में कर्तव्य विचलन से संबंधित तथ्यों से बिहार सरकार के पंचायती राज विभाग, पटना को अवगत कराने की प्रक्रिया शुरू की है। फिलहाल छापेमारी में बरामद नकदी, आभूषण और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।