SITAMARHI: सीतामढ़ी जिला पार्षद पति बैद्यनाथ महतो हत्याकांड के बाद स्थानीय सांसद, तिरहुत कमिश्नर और प्रभारी DIG पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। जिला पार्षद खुशदिल देवी की सुरक्षा के लिए बॉडीगार्ड मुहैया कराने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की। कमिश्नर ने कहा कि दोषी पुलिस अधिकारियों पर जांच की जाएगी और यदि जरूरत पड़ी तो अभियुक्त बनाया जाएगा।
सीतामढ़ी जिले के डुमरा थाना क्षेत्र अंतर्गत केथरिया गांव निवासी जिला पार्षद खुशदिल देवी के पति बैद्यनाथ महतो की आठ गोलियां मारकर हुई निर्मम हत्या के मामले में सोमवार को तिरहुत प्रमंडल के कमिश्नर गिरवर दयाल सिंह और प्रभारी DIG सत्यनारायण कुमार पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। अधिकारियों ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव न्याय का भरोसा दिलाया।
इस दौरान कमिश्नर गिरवर दयाल सिंह ने कहा कि जिला पार्षद खुशदिल देवी की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें तत्काल एक बॉडीगार्ड उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि पीड़ित परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
डुमरा थाना प्रभारी की भूमिका की होगी जांच
बैद्यनाथ महतो हत्याकांड में पुलिस की भूमिका पर उठ रहे सवालों के बीच कमिश्नर ने स्पष्ट कहा कि डुमरा थाना प्रभारी मुकेश कुमार की संलिप्तता और लापरवाही की जांच की जाएगी। जांच में यदि उनकी भूमिका संदिग्ध पाई जाती है तो जरूरत पड़ने पर उन्हें भी इस मामले में अभियुक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून का राज है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एक अधिकारी की लापरवाही के कारण ऐसी घटना हुई है, तो उसकी जिम्मेदारी तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री से भी मिल चुका है परिवार
गौरतलब है कि बैद्यनाथ महतो हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार ने रविवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर न्याय और सुरक्षा की मांग की थी। मुख्यमंत्री ने भी परिवार को हरसंभव सहायता और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया था। वहीं, सीतामढ़ी सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। सांसद ने बैद्यनाथ प्रसाद महतो की स्मृति में मूर्ति स्थापित कराने की घोषणा की है। लगातार हो रही उच्चस्तरीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मुलाकात के बाद अब परिजनों और स्थानीय लोगों की नजर पुलिस जांच और अपराधियों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई है।