MADHYA PRADESH: इन दिनों कुछ लोग रील्स बनाने पर खूब जोर दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर अपना स्टेटस समाज में दिखाने का काम कर रहे हैं। यहां तक कि कुछ लोग अपनी संपत्ति, सोने-चांदी के जेवरात, कैश, गाड़ी, घर का भी प्रदर्शन करने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसा करने से पहले यह भी नहीं सोचते हैं कि कही वो फेरे में ना पड़ जाए। सोशल मीडिया पर रील्स बनाना एक महिला को भारी पड़ गया है। आज उन्हें अपनी गलती का ऐहसास हो गया है। 


ताजा मामला मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर कीमती जेवर, नकदी और लग्जरी गाड़ी के साथ तस्वीरें और वीडियो साझा करने वाली महिला के घर चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।


बताया जाता है कि मामला शिवपुरी जिले के ग्राम मोहनी का है। यहां रहने वाली रचना गुर्जर के घर देर रात अज्ञात बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर पहले घर के बाहर पहुंचे और दीवार पर लगे तारों को काट दिया। इसके बाद वे सीढ़ी की मदद से घर के अंदर दाखिल हुए। घर में प्रवेश करने के बाद बदमाशों ने सबसे पहले वहां लगे सीसीटीवी कैमरे को डंडे की सहायता से ऊपर की ओर मोड़ दिया, ताकि उनकी गतिविधियां स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड न हो सकें। हालांकि कैमरा मोड़ने से पहले और बाद की कुछ गतिविधियां फुटेज में कैद हो गईं।


सीसीटीवी फुटेज से पता चलता है कि चोर पूरी तैयारी के साथ घर में घुसे थे। उन्होंने घर के अंदर रखी अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसी सीढ़ी की मदद से घर से बाहर निकले और मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी अगले दिन सुबह तब हुई, जब परिवार के लोगों ने घर का सामान बिखरा हुआ देखा। अलमारी टूटी हुई थी और उसमें रखा कीमती सामान गायब था। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।


सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पीड़िता रचना गुर्जर का कहना है कि उनके घर से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी हुई है। उन्होंने आशंका जताई कि सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों और वीडियो के कारण अपराधियों को घर में रखे कीमती सामान की जानकारी मिली होगी।


एडिशनल एसपी संजीव मूल ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।


घटना के बाद पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी, कीमती सामान, नकदी या अन्य मूल्यवान वस्तुओं का प्रदर्शन करने से बचने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की जानकारी अपराधियों के लिए मददगार साबित हो सकती है और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।