शिवहर: नौकरी दिलाने और कम समय में अधिक कमाई कराने का झांसा देकर 7,100 रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस ने मामले में छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से चार मोबाइल फोन, छह पहचान पत्र, दो बोतल लिक्विड, दो मिनी बुक तथा कंपनी का एक Welcome Letter बरामद किया गया है।एसपी शैलेंद्र सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि 13 सितंबर को साइबर थाना शिवहर में नौकरी और रोजगार दिलाने के नाम पर राशि ठगी किए जाने की शिकायत मिली थी।
इसके आधार पर साइबर थाना कांड संख्या 11/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ठगी में शामिल आरोपितों की पहचान की और अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर छह लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम माधोपुर छाता, थाना हिरम्मा निवासी जुनैद खातून के पति स्व. खलील लहेरी को Dauphin Travel Marketing Pvt. Ltd. के नाम पर काम दिलाने और अधिक रुपये कमाने का प्रलोभन दिया गया था। आरोपितों ने उन्हें झांसे में लेकर अलग-अलग किस्तों में कुल 7,100 रुपये की ठगी कर ली।
ये हुए गिरफ्तार: रामस्वार्थ साह, गुड़िया कुमारी, रोशनी कुमारी, शिवदुलारी कुमारी, आनंद सिंह तथा प्रभा देवी शामिल हैं। पुलिस बरामद सामान के आधार पर गिरोह के नेटवर्क और अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है।
साइबर थाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नौकरी, घर बैठे कमाई या अधिक लाभ का लालच देकर रुपये मांगने वालों से सतर्क रहें और बिना सत्यापन किसी खाते में राशि जमा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। मौके पर साइबर डीएसपी ईशानी सिन्हा मौजूद थीं।
शिवहर, समीर कुमार झा