Cyber Crime: शेयर बाजार में कम समय में मोटा मुनाफा कमाने की चाहत लोगों को साइबर अपराधियों का शिकार बना रही है। साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई की रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी 2025 से सितंबर 2026 तक निवेश के नाम पर 52.38 करोड़ रुपये की ठगी हुई है। इसमें जनवरी से सितंबर 2026 के बीच 27.54 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी दर्ज की गई, जबकि 2025 की समान अवधि में यह आंकड़ा 16.58 करोड़ रुपये था। पूरे वर्ष 2025 में निवेश के नाम पर कुल 25.04 करोड़ रुपये की ठगी हुई थी। आंकड़ों के अनुसार, एक साल में इस तरह की ठगी में करीब 65 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।



रिपोर्ट के मुताबिक, फर्जी आईपीओ और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर सबसे अधिक 16.59 करोड़ रुपये की ठगी की गई। वहीं, क्रिप्टोकरेंसी और विदेशी शेयर बाजार यानी फॉरेक्स के नाम पर 5.32 करोड़, पैसे दोगुने करने का झांसा देकर 4.68 करोड़ और फर्जी कंपनी योजनाओं के जरिए 3.31 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी हुई।



भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) ने 22 अप्रैल 2024 को जारी एडवाइजरी में फर्जी निवेश समूहों, डीपफेक विज्ञापनों, नकली ऐप और म्यूल बैंक खातों के इस्तेमाल को लेकर चेतावनी दी थी। वहीं, सेबी ने 23 नवंबर 2026 को जारी अपनी ताजा चेतावनी में बताया कि साइबर अपराधी पंजीकृत ब्रोकर की पहचान, सेबी की वेबसाइट के स्क्रीनशॉट, फर्जी लेटरहेड और मुहर का इस्तेमाल कर निवेशकों को गुमराह कर रहे हैं।



साइबर अपराधियों का ठगी करने का तरीका बेहद योजनाबद्ध होता है। सबसे पहले वे फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर बाजार से कम समय में मोटी कमाई करने के विज्ञापन देते हैं। कई बार नामी उद्योगपतियों, वित्तीय विशेषज्ञों और चर्चित हस्तियों की तस्वीरों या डीपफेक वीडियो का इस्तेमाल कर निवेश योजनाओं को भरोसेमंद दिखाया जाता है।



इन विज्ञापनों पर क्लिक करने वाले लोगों को वॉट्सएप या टेलीग्राम के निजी ग्रुप में जोड़ लिया जाता है। वहां गिरोह के सदस्य मुनाफे के स्क्रीनशॉट और बैंक खाते में पैसे आने के फर्जी प्रमाण साझा करते हैं, ताकि नए निवेशकों का भरोसा जीता जा सके। इसके बाद उन्हें वीआईपी ट्रेडिंग ग्रुप, संस्थागत ट्रेडिंग खाते या विशेष आईपीओ आवंटन का लालच दिया जाता है।



निवेशकों को भरोसे में लेने के बाद फर्जी ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड कराया जाता है। शुरुआत में छोटी रकम जमा करने पर ऐप में मुनाफा दिखाया जाता है। इससे निवेशक अधिक रकम लगाने के लिए प्रेरित हो जाते हैं। लेकिन जब वे अपनी रकम निकालने की कोशिश करते हैं तो टैक्स, खाता सत्यापन, प्रोसेसिंग शुल्क या सिक्योरिटी मनी के नाम पर अतिरिक्त भुगतान मांगा जाता है। रकम देने से इनकार करने पर खाता ब्लॉक कर दिया जाता है और ठग संपर्क तोड़ लेते हैं।



किसी भी ट्रेडिंग ऐप को डाउनलोड करने से पहले उसका नाम, डेवलपर और संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट की जांच करना जरूरी है। ऐप का नाम आधिकारिक वेबसाइट पर दर्ज नाम से मेल खाना चाहिए। इसके अलावा डेवलपर का नाम, ग्राहक सेवा नंबर, ईमेल और कार्यालय का पता भी सत्यापित करना चाहिए।



सिर्फ गूगल प्ले स्टोर या एपल ऐप स्टोर पर उपलब्ध होने से किसी ऐप के वास्तविक होने की गारंटी नहीं मिलती। सेबी ने निवेशकों को ट्रेडिंग ऐप का सत्यापित बैज देखने और संबंधित स्टॉक एक्सचेंज की अधिकृत ऐप सूची से उसका मिलान करने की सलाह दी है।



किसी अनजान व्यक्ति के भेजे लिंक से एपीके फाइल डाउनलोड करना भी बेहद जोखिम भरा है। ऐसी फाइल के जरिए मोबाइल में हानिकारक सॉफ्टवेयर पहुंच सकता है, जिससे निजी जानकारी और बैंकिंग गतिविधियां खतरे में पड़ सकती हैं।



निवेश करने से पहले यह सुनिश्चित करना चाहिए कि संबंधित ब्रोकर सेबी में पंजीकृत है या नहीं। इसके लिए सेबी की आधिकारिक वेबसाइट पर उसका रजिस्ट्रेशन जांचा जा सकता है। साथ ही एनएसई और बीएसई की वेबसाइट पर अधिकृत स्टॉक ब्रोकर और उनके मोबाइल ऐप की सूची भी देखनी चाहिए।



सेबी ने अक्टूबर 2025 से पंजीकृत वित्तीय मध्यस्थों के लिए वैलिडेटेड यूपीआई हैंडल और सेबी चेक की सुविधा शुरू की है। इसके माध्यम से निवेशक यूपीआई आईडी और बैंक खाते के विवरण का सत्यापन कर सकते हैं। निवेश की रकम किसी अनजान व्यक्ति, निजी खाते या असंबंधित कंपनी के खाते में नहीं भेजनी चाहिए। ब्रोकर से संपर्क करने के लिए उसकी वेबसाइट पर दिए गए नंबर पर ही निर्भर रहने के बजाय स्वतंत्र रूप से सत्यापित संपर्क विवरण का इस्तेमाल करना चाहिए।



पटना साइबर थाना की डीएसपी संगीता कुमारी ने बताया कि निश्चित या गारंटीड मुनाफे का दावा, कम समय में रकम दोगुनी करने का वादा, अनजान वॉट्सएप-टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ना, तीसरे व्यक्ति के बैंक खाते में भुगतान मांगना और निजी लिंक से ऐप डाउनलोड कराना ठगी के प्रमुख संकेत हैं।



उन्होंने बताया कि रकम निकालने के लिए अलग से टैक्स या सिक्योरिटी फीस मांगना भी साइबर ठगी का संकेत हो सकता है। किसी भी ट्रेडिंग ऐप पर दिखाई देने वाले मुनाफे को वास्तविक कमाई नहीं मानना चाहिए। वास्तविक शेयर कारोबार में बाजार का जोखिम हमेशा बना रहता है और कोई भी अधिकृत ब्रोकर निश्चित लाभ की गारंटी नहीं देता।