SASARAM: सासाराम के दिनारा थाना क्षेत्र के नरवर गांव से एक बुजुर्ग शिक्षक के अपहरण का मामला सामने आया है। हालांकि, ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने अपहृत शिक्षक गौरी लाल को सकुशल मुक्त करा लिया। इस मामले में पुलिस ने एक अपहरणकर्ता को भी गिरफ्तार किया है।


जानकारी के अनुसार, नरवर गांव निवासी शिक्षक गौरी लाल को बाइक सवार दो अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर अपने साथ ले लिया। घटना के बाद शिक्षक की पत्नी ने शोर मचाना शुरू किया और इसकी सूचना दिनारा थाना पुलिस को दी गई।


सूचना मिलते ही पुलिस ने अपराधियों का पीछा शुरू किया। अपहरणकर्ता शिक्षक को लेकर कोचस की ओर भाग रहे थे। इसी दौरान पुलिस और ग्रामीणों की मदद से एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहा।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान कोचस थाना क्षेत्र के परसिया गांव निवासी बिंदेश्वरी पाल के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी की पिटाई भी कर दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया।


पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि अपहरण के पीछे कुछ अन्य कारण भी हो सकते हैं। ऐसे में घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।